हार तय देखकर प्रधानमंत्री ने ईडी रूपी ‘मोदी अस्त्र’ चलाया, जनता हमारा कवच : कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 Nov 2023 09:29 PM
हार तय देखकर प्रधानमंत्री ने ईडी रूपी ‘मोदी अस्त्र’ चलाया, जनता हमारा कवच : कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की हार सुनिश्चित देख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना आखिरी ‘मोदी अस्त्र’ ईडी का इस्तेमाल कर दिया है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि ईडी की कार्रवाई कांग्रेस नेताओं की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए की जा रही है.

उन्होंने यह आरोप उस वक्त लगाया जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने पैसे का लेन-देन करने वाले एक व्यक्ति का बयान दर्ज किया है, जिसने आरोप लगाया है कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रवर्तक ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब तक 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है.

रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”छत्तीसगढ़ और राजस्थान में निश्चित हार को देखते हुए, प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेताओं की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए अपना आखिरी और एकमात्र बचा हुआ हथियार – ईडी – मोदी अस्त्र चला दिया है.” उन्होंने कहा, ”लेकिन छत्तीसगढ़ और राजस्थान की जनता कांग्रेस पार्टी का कवच है.” कांग्रेस नेता ने दावा किया, “मोदी जी की धमकियां उन मतदाताओं के संकल्प को मजबूत करेंगी जो जानते हैं कि यह सिर्फ चुनावी नाटक है जो भाजपा की हताशा को दर्शाता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu