IPL के एक सत्र में सर्वाधिक रन बनाने के कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है शुभमन गिल: शास्त्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Apr 2023 08:04 PM
IPL के एक सत्र में सर्वाधिक रन बनाने के कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है शुभमन गिल: शास्त्री
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक सत्र में सर्वाधिक 973 रन बनाने के विराट कोहली के रिकॉर्ड को गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल तोड़ सकते हैं. आईपीएल के 2016 के सत्र में भारत और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के तत्कालीन कप्तान कोहली ने 81.08 के औसत और 152 के स्ट्राइक रेट से 973 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने चार शतक और सात अर्धशतक लगाए थे.

शास्त्री ने सवाल जवाब से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि गिल में कोहली से आगे निकलने की क्षमता है तथा सलामी बल्लेबाज होने के कारण उन्हें रन बनाने के अतिरिक्त मौके मिलते हैं. उन्होंने कहा,‘‘ वह (गिल) सलामी बल्लेबाज है और इस कारण उसे रन बनाने के अधिक अवसर मिलेंगे. मेरा मानना है कि वह शुभमन गिल होगा क्योंकि वह बहुत अच्छी फॉर्म में है और इसके अलावा शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करता है. इसलिए उसे रन बनाने के अधिक मौके मिलेंगे.’’

शास्त्री ने कहा,‘‘ पिच अच्छी हैं और इसलिए यदि वह दो-तीन पारियों में 80 से लेकर 100 रन तक बनाता है तो तब तक उसके नाम पर 300 से 400 रन दर्ज होंगे.’’ उन्होंने कहा,‘‘ मेरे हिसाब से रिकॉर्ड तोड़ना बहुत मुश्किल है क्योंकि 900 रन बहुत बड़ी संख्या है लेकिन एक बात है कि सलामी बल्लेबाज को दो अतिरिक्त मैच और दो अतिरिक्त पारियां मिलेंगी, इसलिए यदि संभव हुआ तो केवल सलामी बल्लेबाज ही इस रिकॉर्ड को तोड़ सकता है.’’ कोहली के बाद आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में जोस बटलर (863 रन) और डेविड वॉर्नर (848 रन) शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu