चांदी तीन लाख रुपये प्रति किलो के पार, सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर, जानें सर्राफा बाजार का हाल

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 19 Jan 2026 11:13 AM
चांदी तीन लाख रुपये प्रति किलो के पार, सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर, जानें सर्राफा बाजार का हाल
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट को लेकर लगाए जा रहे तमाम अनुमान गलत साबित होते नजर आ रहे हैं। दोनों कीमती धातुएं लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को चांदी ने बाजार खुलते ही जबरदस्त उछाल दिखाया और एक किलो चांदी की कीमत इतिहास में पहली बार तीन लाख रुपये के पार पहुंच गई।

एमसीएक्स पर चांदी का मार्च वायदा ₹13,550 यानी 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ ₹3,01,315 प्रति किलो के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं सोना भी पीछे नहीं रहा और तेज बढ़त के साथ नए शिखर पर जा पहुंचा।

जनवरी में चांदी ₹65 हजार से ज्यादा उछली

पिछले साल 2025 में जोरदार तेजी दिखाने के बाद चांदी ने 2026 की शुरुआत भी रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार के साथ की है। जनवरी महीने में अब तक चांदी की कीमत ₹65,614 प्रति किलो बढ़ चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को जहां एक किलो चांदी का भाव ₹2,35,701 था, वहीं अब यह बढ़कर ₹3,01,315 प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है।

सोने में भी तेज उछाल, एक झटके में करीब ₹3,000 महंगा

सोने की कीमतों ने भी इसी तरह तेज चाल दिखाई है। एमसीएक्स पर फरवरी वायदा सोना पिछले शुक्रवार को ₹1,42,517 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन सोमवार को कारोबार शुरू होते ही यह ₹1,45,500 प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यानी एक ही सत्र में करीब ₹2,983 की तेजी दर्ज हुई।

साल की शुरुआत से अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत ₹1,35,804 थी। मौजूदा स्तर के हिसाब से अब तक सोना ₹9,696 प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो चुका है।

सोने-चांदी के दामों की बढ़ने की वजह

बाजार जानकारों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड को लेकर टैरिफ धमकी से वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा है। इसी अनिश्चितता के माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिसका सीधा फायदा सोने और चांदी की कीमतों को मिल रहा है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital