सिंधू मैड्रिड मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Mar 2024 06:50 PM
सिंधू मैड्रिड मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
ऑडियो सुनें

मैड्रिड. भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू ने मैड्रिड स्पेन मास्टर्स में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को यहां चीनी ताइपे की हुआंग यू-हसुन पर सीधे गेम में आसान जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. इस मुकाबले में पूरी तरह से सिंधू का दबदबा दिखा जिन्हें विश्व रैंकिंग में 63वें स्थान पर काबिज ताइवान की क्वालीफायर खिलाड़ी से कोई चुनौती नहीं मिली. पूर्व विश्व चैम्पियन सिंधू ने 36 मिनट तक चले मैच को 21-14, 21-12 से अपने नाम किया.

पिछले सत्र की उपविजेता सिंधू के सामने अब थाईलैंड की छठी वरीयता प्राप्त सुपानिदा केटथोंग या जापान की नात्सुकी निदाइरा में से किसी एक की चुनौती होगी. सिंधू ने शुरुआती गेम में 3-0 की बढ़त बनायी लेकिन इसके बाद उन्होंने कुछ समय के लिए लय गंवा दी. वह लगातार शटल को नेट पर खेल रही थी जिससे उनकी बढ़त घट कर 7-6 हो गयी.

भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि इसके बाद अपने खेल के स्तर को ऊंचा किया और प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी की गलतियों का फायदा उठाते हुए अपनी बढ़त को 18-12 करने में सफल रही. सिंधू ने इसके बाद आठ गेम प्वाइंट हासिल किये और तीसरे प्रयास में उसे भुना कर पहला गेम जीत लिया. छोर बदलने के बाद भी यू-हसुन का संघर्ष जारी रही. उनके पास सिंधू के ताकतवर प्रहार का कोई जवाब नहीं था. ताइवान की यह खिलाड़ी बार-बार शटल को कोर्ट के बाहर खेल रही थी. उन्होंने ‘ड्रॉप शॉट’ और ‘प्लेस्मेंट’ का इस्तेमाल किया लेकिन स्मैश में कोई ताकत नहीं होने से सिंधू को परेशान नहीं कर सकीं.

इस गेम में सिंधू ने आठ मैच प्वाइंट हासिल किये और यू-हसुन के शटल को नेट पर खेलने के साथ ही मुकाबला जीत लिया. पिछले दो सप्ताह में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप और स्विस ओपन में खिताब जीतने वाली शीर्ष वरीयता प्राप्त स्पेन की कैरोलिना मारिन के टूर्नामेंट से हटने के बाद सिंधू इस प्रतियोगिता में चैम्पियन बनने की मजबूत दावेदार हैं. सिंधू ने बीडब्ल्यूएफ टूर पर अपना पिछला खिताब 2022 सिंगापुर ओपन सुपर 500 में जीता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu