रूसी रॉकेट हमले में छह की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Oct 2023 06:33 PM
रूसी रॉकेट हमले में छह की मौत
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन के पूर्वी शहर खारकीव में एक मेल डिपो पर मिसाइल हमले में छह लोगों की मौत हो गयी. यूक्रेन के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. खारकीव के गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने सोशल मीडिया पर कहा कि शनिवार देर रात हुए विस्फोट में 16 अन्य लोग घायल भी हो गए. माना जाता है कि यह विस्फोट रूसी एस-300 रॉकेट के कारण हुआ है . इसमें हताहत हुये सभी लोग यूक्रेन के निजी डाक एवं कूरियर सेवा नोवा पोश्ता के कर्मचारी थे.

कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि हवाई हमले का सायरन हमले के कुछ ही क्षण पहले बजा था, जिससे डिपो के अंदर मौजूद लोगों को आश्रय स्थल तक पहुंचने का समय नहीं मिला. कंपनी ने घोषणा की कि रविवार को शोक मनाया जायेगा. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज.ेलेंस्की ने इस हमले को ‘सामान्य नागरिक जरूरतों’ पर हमला बताया.

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”हमें हर दिन रूसी आतंक का तगड़ा जवाब देने की आवश्यकता है. और, इससे भी अधिक, हमें इस आतंक से लड़ने के लिए वैश्विक एकता को मजबूत करने की आवश्यकता है.” उन्होंने लिखा, ”आतंकवाद और हत्याओं के माध्यम से रूस कुछ भी हासिल नहीं कर पाएगा. सभी आतंकवादियों के लिए अंतिम परिणाम एक ही है: जो उन्होने किया है, उन्हें उसका परिणाम भुगतना होगा .”

सिनीहुबोव ने कहा कि खारकीव क्षेत्र में कुपियांस्क शहर में रूसी गोलाबारी में तीन लोग घायल हो गए. यूक्रेन के कब्जे वाला सीमावर्ती शहर भयंकर लड़ाई के केंद्र में है क्योंकि मॉस्को और कीव दोनों बढ़ती सर्दी के बीच युद्ध के मैदान में अपनी अपनी जीत के लिए प्रयास कर रहे हैं.

दक्षिणी यूक्रेन के अधिकारियों ने रविवार को कहा कि रूसी सेना ने पिछले 24 घंटों में देश के खेरसॉन क्षेत्र में रिकॉर्ड संख्या में हवाई बमों का इस्तेमाल किया है. यूक्रेन की सेना के ऑपरेशनल कमांड साउथ की प्रवक्ता नतालिया हुमेनियुक ने कहा कि क्षेत्र में 36 मिसाइलें दर्ज की गई हैं जिनमें से कुछ गांवों पर कई हमले हुए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu