पटरी से उतरी ट्रेन छह लोगों की मौत, 40 अन्य घायल…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 13 Oct 2026 04:06 PM
पटरी से उतरी ट्रेन छह लोगों की मौत, 40 अन्य घायल…
ऑडियो सुनें

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार को एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह हादसा सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर उस समय हुआ, जब ट्रेन कराची से पेशावर जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि ‘रहमान बाबा एक्सप्रेस’ के सभी 14 डिब्बे मुल्तान में शेर शाह पुल के पास पटरी से उतर गए।

पाकिस्तान रेलवे के प्रवक्ता बाबर अली ने बताया कि ट्रेन में लगभग 500 यात्री सवार थे। उन्होंने लोको पायलट के बयान के हवाले से बताया कि जब ट्रेन मुल्तान के शेरशाह स्टेशन से गुजर रही थी, तो उसे अचानक एक झटका महसूस हुआ जिसके बाद उसने ब्रेक लगाए। चालक ने कहा, ”जब ट्रेन रुकी, तो उसके लगभग 14 डिब्बे पटरी से उतर चुके थे।” प्रवक्ता ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि राहत व बचाव टीम ने पटरी से उतरे डिब्बों से यात्रियों को निकालने का अभियान शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा, ”एक यात्री के डिब्बे के भीतर फंसे होने की सूचना है और बचावकर्मी उस तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।” पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई है और 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्यों में सहायता के लिए मुल्तान से एक राहत ट्रेन और मेडिकल वैन दुर्घटनास्थल के लिए रवाना की गई।
हादसे के बाद अप और डाउन दोनों लाइन पर रेल यातायात निलंबित कर दिया गया, जिससे इस मार्ग पर रेल सेवाएं बाधित हुईं।

मुल्तान के आयुक्त आमिर करीम खान ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया तथा प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। एक यात्री ने संवाददाताओं से कहा कि दुर्घटना से पहले रोहरी के पास कर्मचारियों ने बोगी नंबर-नौ के नट-बोल्ट की मरम्मत की थी।

‘जियो न्यूज’ की खबर के अनुसार, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह भी अभी स्पष्ट नहीं है कि इस मरम्मत का ट्रेन के पटरी से उतरने से कोई संबंध था या नहीं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav