कनाडा में छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो भारतीय प्रशिक्षु पायलट समेत तीन लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 08 Oct 2023 07:14 PM
कनाडा में छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो भारतीय प्रशिक्षु पायलट समेत तीन लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

टोरंटो. कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें दो भारतीय प्रशिक्षु पायलट समेत तीन लोगों की मौत हो गई. मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई. यह हादसा वैंकूवर से लगभग 100 किलोमीटर पूर्व चिलिवैक शहर में स्थानीय हवाई अड्डे के पास शुक्रवार को हुआ जिसमें मुंबई के अभय गडरू और यश रामुगाडे की मौत हो गई. दोनों 25 साल के थे.

कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (सीबीसी) ने रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि विमान हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वैंकूवर सन अखबार ने शनिवार को गडरू की रिश्ते की बहन श्रद्धा त्रिसाल के हवाले से बताया कि वह तीन साल पहले पायलट प्रशिक्षण पूरा करने के लिए कनाडा आया था और नवंबर में उसका प्रशिक्षण पूरा होने वाला था.

इस बीच, कनाडाई समाचार पोर्टल सीटीवी न्यूज वैंकूवर ने कहा कि यश रामुगाडे भी मुंबई के ही रहने वाले थे. इस विमान का मालिकाना हक स्काईक्वेस्ट एविएशन के पास था. कंपनी के प्रशासक ने कहा, ”हम इस मामले को देख रहे हैं लेकिन हम कोई बयान जारी नहीं कर रहे हैं. इस समय हम कुछ नहीं कह सकते.” हादसे में मारे गए तीसरे व्यक्ति यानी पायलट की पहचान नहीं हो पाई है. सीबीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण का अभी पता नहीं चला है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu