मोदी की रखी ठोस नींव भारत के लिए ‘लॉन्च पैड’ बनी : जयशंकर

बेलगावी. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रखी गई ठोस नींव अब देश के लिए अगले स्तर पर पहुंचने का ‘लॉन्च पैड’ बन गई है. जयशंकर जिले के तालुका मुख्यालय चिक्कोडी में कर्नाटक लिंगायत एजुकेशन सोसाइटी के एक स्कूल के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि मोदी जब 2014 में प्रधानमंत्री बने तो भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था और अब यह पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. विदेश मंत्री ने कहा कि यह ”मोदी की गारंटी” है कि भारत आने वाले वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी और शीर्ष अर्थव्यवस्था होगा.

जयशंकर ने कहा, “शीर्ष अर्थव्यवस्था बनने के लिए आपको कड़ी मेहनत करने की जरूरत है. पिछले 10 वर्षों में बहुत काम किया गया है, अत्यंत कठोर परिश्रम किया गया है. पिछले 10 वर्षों में कई कार्यक्रम शुरू किए गए हैं.” उन्होंने इस संदर्भ में केंद्र सरकार की ‘अन्न योजना’, ‘मुद्रा योजना’ और ‘उज्ज्वला योजना’ का हवाला दिया तथा कहा कि मुद्रा ऋण योजना के लाभार्थियों की संख्या जर्मनी की जनसंख्या से अधिक तथा ‘आवास योजना’ के लाभार्थियों की संख्या जापान की जनसंख्या से अधिक है.

यह रेखांकित करते हुए कि सरकार आम आदमी का बोझ कम करने की कोशिश कर रही है, उन्होंने कहा कि भारत में सबसे बड़ा बदलाव डिजिटल बदलाव है. उन्होंने कहा कि डिजिटल उपयोग में भारत नंबर एक है और भारत में डेटा उपयोग शुल्क सबसे सस्ता है. उन्होंने कहा कि यह सुशासन और डिजिटल संचालन का भी परिणाम है.

जयशंकर ने सुशासन का श्रेय प्रधानमंत्री को देते हुए कहा कि मोदी के विश्वास, दूरर्दिशता और प्रतिबद्धता के कारण पिछले 10 वर्षों में लोगों को सेवाएं उपलब्ध कराने की सरकार की प्रणाली में बदलाव और सुधार हुआ है. उन्होंने कहा, ”पूरी दुनिया चिंतित थी कि भारत अपनी बड़ी आबादी के चलते कोविड-19 से कैसे लड़ेगा. लेकिन महामारी के दौरान हमने न केवल अपना ध्यान रखा, बल्कि 100 देशों को टीका भी मुहैया कराया.” विदेश मंत्री ने कहा कि महामारी के बाद विश्व में भारत की छवि एक अलग स्तर पर है और दुनिया अब देख रही है कि भारत चीजों को संभव बनाने में सक्षम है.

उन्होंने कहा, “दुनिया को हमेशा लगता था कि एक दिन भारत प्रगति करेगा, भारत में क्षमता है… लेकिन वह दिन अब आ गया है. पिछले 10 वर्षों में रखी गयी यह ठोस नींव हमें अमृत काल की दिशा में आगे ले जाएगी.” जयशंकर ने कहा कि मोदी ने 10 साल में जो ठोस नींव रखी है, वह अब देश के लिए ‘लॉन्च पैड’ बन गई है और भारत अब अगले स्तर की छलांग लगाने की तैयारी कर रहा है.

उन्होंने कहा, “हम अगले स्तर में प्रवेश कर रहे हैं. यह कृत्रिम मेधा (एआई), चिप्स, इले्ट्रिरक वाहन, इले्ट्रिरक परिचालन, बैटरी की दुनिया होगी…रोबोटिक्स का उपयोग स्वास्थ्य प्रक्रियाओं में किया जाएगा…ये भविष्य के उद्योग हैं. हमारा सबसे बड़ा संसाधन हमारा मानव संसाधन है. यह हमारा सबसे मूल्यवान संसाधन है.” गाजा और यूक्रेन की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ”जब दुनिया में अनिश्चितता और तनाव है, तो यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि हमें आगे बढ.ने के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ एक मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है. हमारी छवि ऐसी है कि यह मोदी जी का भारत है और हम निश्चित रूप से पलटकर जवाब देंगे.”

Related Articles

Back to top button