सोनिया गांधी की मां पाओला मायनो का इटली में निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Aug 2022 08:48 PM
सोनिया गांधी की मां पाओला मायनो का इटली में निधन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां पाओला मायनो का बीते शनिवार इटली में निधन हो गया और मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया.पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर यह जानकारी दी. रमेश ने कहा, ‘‘सोनिया गांधी जी की मां, श्रीमती पाओला मायनो का 27 अगस्त (शनिवार) को इटली में उनके आवास पर निधन हो गया. कल अंतिम संस्कार हुआ.’’

उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए इस समय विदेश में हैं. उनके साथ उनके पुत्र राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी भी गए हैं. सूत्रों का कहना है कि पाओला मायनो के अंतिम संस्कार के समय सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूद थे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के कई नेताओं ने सोनिया गांधी की मां के निधन पर दुख जताया है.

सोनिया गांधी की मां का निधन, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने दुख जताया
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सोनिया गांधी जी की मां पाओला मायनो के निधन पर मेरी श्रद्धांजलि. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें. शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं.’’ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मां के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. सोनिया जी, राहुल जी, प्रियंका जी और परिवार के सभी सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं. ईश्वर उन्हें यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे और आत्मा को शांति प्रदान करे.’’ कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी की मां के निधन पर गहरा दुख प्रकट करता हूं. ईश्वर, कांग्रेस अध्यक्ष और उनके परिवार के सदस्यों को यह दुख सहन करने की शक्ति दे.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu