दक्षिण कोरियाई लड़ाकू विमान ने गलती से बम गिराए, आठ लोग घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Mar 2025 08:27 PM
दक्षिण कोरियाई लड़ाकू विमान ने गलती से बम गिराए, आठ लोग घायल
ऑडियो सुनें

सियोल. दक्षिण कोरिया के दो लड़ाकू विमानों ने अमेरिकी सेना के साथ बृहस्पतिवार को संयुक्त सैन्य अभ्यास के दौरान एक असैन्य क्षेत्र पर गलती से आठ बम गिरा दिए जिससे आठ लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. वायु सेना ने एक बयान में बताया कि केएफ-16 लड़ाकू विमानों द्वारा गिराए गए एमके-82 बम ‘फायरिंग रेंज’ (बमबारी के लिए निर्धारित क्षेत्र) के बाहर गिरे, जिससे असैन्य क्षति हुई.

वायुसेना ने कहा कि वह दुर्घटना के कारणों की जांच करने और आम नागरिकों को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए एक समिति गठित करेगी. उसने कहा कि लड़ाकू विमान अमेरिकी सेना के साथ एक दिवसीय गोलाबारी अभ्यास में हिस्सा ले रहे थे. एक वायुसेना अधिकारी ने स्थानीय पत्रकारों को बताया कि एक केएफ-16 के पायलट ने बमबारी स्थल के लिए गलत जानकारी डाल दी. रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने भी पत्रकारों को बताया कि यह पता लगाने के लिए गहन जांच की आवश्यकता है कि दूसरे केएफ-16 विमान ने भी असैन्य क्षेत्र पर बम क्यों गिराए.

वायुसेना ने इस घटना के लिए माफी मांगी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उसने कहा कि वह पीड़ितों को मुआवजा देगी और अन्य आवश्यक कदम उठाएगी. यह दुर्घटना पोचियन शहर में हुई, जो उत्तर कोरिया की सीमा के करीब है. पोचियन के मेयर पेक यंग-‘ून ने टेलीविजन पर प्रसारित संवाददाता सम्मेलन के दौरान इन बम विस्फोटों को ”भयानक” बताया और सेना से शहर में तब तक सैन्य अभ्यास रोकने का आग्रह किया, जब तक कि वह इन प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विश्वसनीय कदम नहीं उठा लेती.

उन्होंने कहा कि 1,40,000 लोगों की आबादी वाले पोचियन शहर में दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी सेनाओं के लिए तीन प्रमुख ‘फायरिंग रेंज’ हैं. सेना ने बाद में कहा कि उसने पूरे दक्षिण कोरिया में गोलाबारी के जरिए किए जाने वाले सभी सैन्य अभ्यासों को स्थगित करने का फैसला किया है. पर्यवेक्षकों का कहना है कि बृहस्पतिवार की दुर्घटना का सही कारण जानने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कदम उठाने के बाद अभ्यास को बहाल किया जाएगा.

पोचियन के आपदा प्रतिक्रिया विभाग ने कहा कि छह आम नागरिक एवं दो सैनिक घायल हुए हैं और उनका अस्पतालों में इलाज जारी है. विभाग ने बताया कि घायलों में से चार आम नागरिकों की हालत गंभीर है और गंभीर रूप से घायल लोगों में थाईलैंड और म्यांमा के दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu