श्रीलंकाई सेना के चिकित्सकों ने दुनिया में गुर्दे की सबसे बड़ी पथरी निकाली, गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Jun 2023 07:57 PM
श्रीलंकाई सेना के चिकित्सकों ने दुनिया में गुर्दे की सबसे बड़ी पथरी निकाली, गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड
ऑडियो सुनें

कोलंबो. श्रीलंकाई सेना के चिकित्सकों के एक समूह ने दुनिया में गुर्दे की सबसे बड़ी पथरी शल्यक्रिया के जरिये निकालकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. श्रीलंकाई चिकित्सकों ने ऐसा करके 2004 में भारतीय चिकित्सकों द्वारा बनाये गए पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. श्रीलंकाई सेना ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि कोलंबो सैन्य अस्पताल में इस महीने की शुरुआत में यह शल्यक्रिया करके 13.372 सेंटीमीटर लंबी और 801 ग्राम वजन की पथरी निकाली गई.

मौजूदा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अनुसार, दुनिया में गुर्दे की सबसे बड़ी पथरी (लगभग 13 सेंटीमीटर) 2004 में भारत में शल्यक्रिया करके निकाली गई थी, जबकि गुर्दे की सबसे वजनी पथरी (620 ग्राम) पाकिस्तान में 2008 में सर्जरी करके निकाली गई थी. रिकॉर्ड की पुष्टि करते हुए, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने कहा, ”गुर्दे की सबसे बड़ी पथरी 13.372 सेंटीमीटर (5.264 इंच) की है, और एक जून 2023 को कोलंबो, श्रीलंका में कैनिस्टस कूंघे (श्रीलंका) में सर्जरी करके निकाली गई.” उसने कहा कि 2004 के बाद से 13 सेंटीमीटर का पिछला रिकॉर्ड अभी तक टूटा नहीं था.

श्रीलंका सेना के बयान में कहा गया है कि यह सर्जरी कंसल्टेंट यूरोलॉजिस्ट एवं अस्पताल में जेनिटो यूरिनरी यूनिट के प्रमुख लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) के. सुदर्शन ने कैप्टन (डॉ.) डब्ल्यू.पी.एस.सी पतिरत्ना और डॉ. तमशा प्रेमातिलका के साथ मिलकर की. बयान में कहा गया है कि कर्नल (डॉ) यू ए एल डी परेरा और कर्नल (डॉ) सी. एस. अबेयसिंघे ने भी सलाहकार एनेस्थेटिस्ट के रूप में सर्जरी के दौरान योगदान दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu