श्री श्री रविशंकर, अभिनेत्री सामंथा, जैकलीन न्यूयॉर्क में ‘एफआईए इंडिया डे परेड’ का करेंगे नेतृत्व

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Aug 2023 10:06 PM
श्री श्री रविशंकर, अभिनेत्री सामंथा, जैकलीन न्यूयॉर्क में ‘एफआईए इंडिया डे परेड’ का करेंगे नेतृत्व
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. आध्यात्मिक नेता श्री श्री रविशंकर तथा भारतीय अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु और जैकलीन फर्नांडीज इस महीने के आखिर में भारत के स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए एक प्रमुख प्रवासी संगठन द्वारा आयोजित वार्षिक परेड का नेतृत्व करेंगे. न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी कनेक्टिकट और न्यू इंग्लैंड के ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन’ (एफआईए) ने कहा कि इस साल की परेड का विषय ”जीवन का मिशन” रखा गया है, जो उन मूल्यों और आकांक्षाओं का प्रतीक है जिनसे एक राष्ट्र और व्यक्ति के रूप में हमारे मार्ग को दिशा मिलती है.

एफआईए ने कहा कि प्रसिद्ध योग गुरु और आध्यात्मिक नेता श्री श्री 20 अगस्त को मैनहट्टन में 41वीं ‘इंडिया डे परेड’ के लिए मार्च का नेतृत्व करेंगे, जबकि जैकलीन फर्नांडीज सम्मानित अतिथि और सामंथा रूथ प्रभु परेड में मुख्य अतिथि होंगी. परेड यहां मैडिसन एवेन्यू से होकर गुजरेगी.

न्यूयॉर्क शहर के मध्य में होने वाली वार्षिक परेड भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और विरासत को दर्शाती है, जब क्षेत्र के प्रवासी और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य भारत के स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए परंपरागत परिधान पहनकर मैडिसन एवेन्यू पर आते हैं. भारतीय झंडे और बैनर लेकर सैकड़ों पुरुष, महिलाएं और बच्चे परेड, झांकियों और अन्य उत्सवों का आनंद लेने के लिए मैडिसन एवेन्यू पर फुटपाथों पर कतार में खड़े रहते हैं.

प्रवासी भारतीयों से इस उत्सव का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए एफआईए ने कहा, ह्लआधुनिक भारत की प्रगति और विकास का जश्न मनाएं क्योंकि हम शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा से लेकर पर्यावरणीय स्थिरता तक विभिन्न मिशनों की दिशा में काम कर रहे हैं. वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका और शांति, सहयोग तथा अंतरराष्ट्रीय मित्रता के लिए वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका के बारे में जानें.”

इस साल की परेड में ”भारत की समृद्ध कलात्मक विरासत” की झलक पेश करती नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के अलावा मुख्य आकर्षण मोटे अनाज ”श्रीअन्न” पर विशेष पवेलियन होगा जो स्वास्थ्य एवं बेहतर जीवनशैली के लिए इन अनाजों का महत्व बताएगा. एफआईए ने कहा ”यह भारत की समृद्ध संस्कृति, विविधता और श्रीअन्न के गुण और महत्व की झलक बताने वाला एक भव्य आयोजन होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu