अब बच्चे पढ़ेंगे सुशासन का राजदंड, नौवीं की नई किताब में नया भारत, संसद से लेकर चोल राजवंश तक

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 30 Sep 2026 11:58 AM
अब बच्चे पढ़ेंगे सुशासन का राजदंड, नौवीं की नई किताब में नया भारत, संसद से लेकर चोल राजवंश तक
ऑडियो सुनें

जिस सेंगोल को लेकर नए संसद भवन के उद्घाटन के वक्त सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए थे, वही सेंगोल अब नौवीं कक्षा के बच्चों को सुशासन का पाठ पढ़ाएगा। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने सामाजिक विज्ञान की नई किताब में सेंगोल को शासन और सुशासन के सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में जगह दी है। किताब में लिखा है कि 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे नए संसद भवन में स्थापित किया। इसे धर्मसम्मत शासन के चिह्न के रूप में इस्तेमाल करने की परंपरा चोल राजवंश के दौर में शुरू हुई थी। सेंगोल को अंग्रेजों से भारत के सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में सौंपे जाने के दावे पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे। आयकर देने में बरतें ईमानदारी  व्यक्तिगत वित्त प्रबंधन वाले अध्याय में बच्चे आयकर की बारीकियां भी जानेंगे। विशेषज्ञ की मदद से वित्त वर्ष 2025-26 से आय पर लगने वाले कर की गणना सिखाई गई है। साथ ही यह संदेश भी है कि ईमानदारी और समय से कर चुकाना हर भारतीय की जिम्मेदारी है।

आजादी की रात नेहरू को सौंपा था सेंगोल  

  • अंडरस्टैंडिंग सोसायटी : इंडिया एंड बियॉन्ड नाम की यह किताब मंगलवार से बाजार में उपलब्ध हो गई है। शासन और लोकनीति वाले अध्याय में भारत के शासकीय प्रतीकों की जड़ें समझाते हुए किताब बताती है कि 15 अगस्त, 1947 की आधी रात को आजादी के मौके पर पीएम जवाहरलाल नेहरू ने शैव परंपरा के संतों से सेंगोल ग्रहण किया था।
  • छात्रों से कहा गया है कि वे ऐतिहासिक तस्वीरों के जरिये सेंगोल की यात्रा के बारे में और जानकारी जुटाएं।

इसी हिस्से में राष्ट्रीय आदर्श वाक्य सत्यमेव जयते को मुंडक उपनिषद से और सर्वोच्च न्यायालय के ध्येय वाक्य यतो धर्मस्ततो जयः को महाभारत से जोड़ा गया है।

    • किताब का तर्क है कि ये प्रतीक केवल सजावटी नहीं हैं, बल्कि उन मूल्यों और आदर्शों के वाहक हैं जो संस्थाओं को सुशासन की जिम्मेदारी के साथ सौंपे गए हैं।

हमलों की नहीं, प्रतिरोध की गाथा
किताब में 1000-1700 ईस्वी का जिक्र है कि लोगों ने हमलों के खतरों का प्रितरोध कैसे किया। इसमें मदुरै के राजा वीरप्पा की कहानी है, जिन्होंने मुगल बादशाह की परंपरा के अनुसार भेजी गई चप्पल को सिर से न लगाकर पहन लिया और कहा कि बादशाह दूसरी भी भेज दें। शाहजहां ने जब भव्य जामा मस्जिद बनवाई थी, उसी समय चित्तौड़ के राजा ने उदयपुर में जगदीश मंदिर बनवाया जो उतना ही भव्य और ऊंचा था।

सत्ता की जगह शासन
भूमिका में एनसीईआरटी ने खुद माना है कि पहले इसमें सत्ता विषय पर अध्याय प्रस्तावित था, जिसकी जगह अब शासन और लोकनीति अध्याय रखा गया है। भारत और विश्व भाग एक वाला अध्याय दसवीं कक्षा में खिसका दिया गया है। यह बदलाव पढ़ाई को अधिक सुसंगत और बच्चों पर कठिन विचारों का बोझ न डालने के लिए किए गए हैं।

लिज्जत पापड़ की कथा
विचार से स्टार्टअप तक अध्याय में उद्यमिता की दो देसी कहानियां हैं। लिज्जत पापड़ की कहानी 1959 से शुरू होती है जहां मुंबई की एक चॉल की सात गृिहणियों ने 80 रुपये और उधार के सामान से काम शुरू किया। इस सहकारी संस्था में 2023 तक 45,000 से ज्यादा महिला सदस्य, 83 शाखाएं और 1,600 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार था।

एनसीईआरटी की नौवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान किताब में बदली तस्वीर
जिस अध्याय को सर्वोच्च न्यायालय ने न्यायपालिका पर चलाई गई गोली बताकर देशभर से वापस मंगवा लिया था, वह अब नए रूप में स्कूलों तक पहुंच चुका है। नई शक्ल में उसमें अदालतों की कोई कमजोरी नहीं है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद यानी एनसीईआरटी की नौवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान की किताब एक्सप्लोरिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड के दूसरे भाग का संशोधित अध्याय द रोल ऑफ द ज्यूडिशियरी इन अवर सोसाइटी अब न्यायपालिका को सिर्फ ढांचे, अधिकार क्षेत्र और डिजिटल पहलों के चश्मे से दिखाता है। भ्रष्टाचार, मुकदमों का पहाड़ और जजों की कमी, जिन पर पिछला विवाद खड़ा हुआ था, नए पाठ से पूरी तरह बाहर हैं।

26 फरवरी को किताब देशभर से वापस मंगाई 
फरवरी 2026 में आठवीं की इसी किताब के न्यायपालिका वाले अध्याय में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार शीर्षक से एक हिस्सा सामने आया था। उसमें अदालतों के सामने की चुनौतियों में विभिन्न स्तरों पर भ्रष्टाचार और लंबित मामलों के भारी बोझ को गिनाया गया था। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ ने इसका स्वतः संज्ञान लिया।

  • 26 फरवरी को अदालत ने किताब को तुरंत देशभर से वापस लेने का आदेश दिया। एनसीईआरटी को बिना शर्त माफी मांगनी पड़ी और पूरी किताब वापस लेनी पड़ी। केंद्र ने समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति बनाई तब अध्याय बदला गया।
  • नए पाठ में क्या है?: नया अध्याय मार्टिन लूथर किंग जूनियर के इस कथन से शुरू होता है कि कहीं भी अन्याय हर जगह के न्याय के लिए खतरा है। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना में न्याय का वादा, अदालतों का पिरामिड, सर्वोच्च न्यायालय की 33 जमा एक की संख्या, जजों की योग्यता और सेवानिवृत्ति की उम्र समझाई गई है। अनुच्छेद 142 की पूर्ण न्याय वाली शक्ति का भी ब्योरा है। अध्याय बार बार दोहराता है कि न्यायपालिका विधायिका और कार्यपालिका से स्वतंत्र है।

सरकार का श्रेय, इतिहास की चूक
किताब में आजादी के बाद औपनिवेशिक दौर के सैकड़ों कानून भेदभावपूर्ण पाए गए और सरकार ने ऐसे 1500 से ज्यादा कानून रद्द किए। उदाहरण में 1871 का आपराधिक जनजाति कानून दिया गया है।

मुकदमों का बोझ, पर बिना आंकड़े
देश की अदालतों में करोड़ों मुकदमे लंबित हैं, पर नए अध्याय में इसका कोई आंकड़ा नहीं है। समस्या सिर्फ परोक्ष रूप से झलकती है। डिजिटल पहलों वाले हिस्से में ई फाइलिंग, हाइब्रिड सुनवाई, सीधा प्रसारण और राष्ट्रीय न्यायिक डाटा ग्रिड गिनाए गए हैं। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य द्वार पर लगी वर्चुअल जस्टिस क्लॉक को पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल बताया गया है। अभ्यास प्रश्नों में बच्चों से कहा गया है कि वे खुद को विधायिका या कार्यपालिका का हिस्सा मानकर मुकदमों की बड़ी संख्या से निपटने के नए उपाय सुझाएं।

नियुक्ति में कॉलेजियम का जिक्र नहीं
जजों की नियुक्ति वाले हिस्से में किताब केवल संविधान का अक्षर दोहराती है। उसके मुताबिक सर्वोच्च न्यायालय के जज राष्ट्रपति नियुक्त करते हैं। उच्च न्यायालय के जज राष्ट्रपति, मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल और संबंधित उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद नियुक्त होते हैं। कॉलेजियम प्रणाली कोई जिक्र नहीं है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav