उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति कुमार को मद्रास उच्च न्यायालय भेजने की सिफारिश की

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 28 May 2025 12:33 PM
उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति कुमार को मद्रास उच्च न्यायालय भेजने की सिफारिश की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति ताड़कमल्ला विनोद कुमार को तेलंगाना उच्च न्यायालय से मद्रास उच्च न्यायालय स्थानांतरित करने की सिफारिश की है। प्रधान न्यायाधीश बी आर गवई की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने 26 मई को हुई बैठक में स्थानांतरण की सिफारिश करने का निर्णय लिया।

सत्रह नवंबर 1964 को जन्मे न्यायमूर्ति कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नलगोंडा जिले के सूर्यपेट में और उसके बाद हैदराबाद में ग्रहण की। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से कला स्रातक और एल.एल.बी. की डिग्री प्राप्त की।
न्यायमूर्ति कुमार ने 1988 में आंध्र प्रदेश विधिज्ञ परिषद (आंध्र प्रदेश बार काउंसिल) में वकील के रूप में नामांकन कराया और वरिष्ठ अधिवक्ता रवि के चैंबर से जुड़े।

उन्हें 2015 में आयकर संबंधी वरिष्ठ स्थायी अधिवक्ता और 2016 में वाणिज्यिक कर संबंधी विशेष स्थायी अधिवक्ता के रूप में नियुक्त किया गया तथा पदोन्नति तक वह इस पद पर बने रहे। न्यायमूर्ति कुमार को तेलंगाना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया और 26 अगस्त, 2019 को शपथ दिलाई गई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital