सूर्यकुमार आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Apr 2023 05:36 PM
सूर्यकुमार आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार
ऑडियो सुनें

दुबई. भारत के आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बुधवार को जारी नवीनतम टी20 अंतरराष्ट्रीय पुरुष बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं. पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार 906 अंक के साथ शीर्ष पर हैं. उन्हें दूसरे स्थान पर मौजूद पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (798) पर 100 से भी अधिक अंक की बढ़त हासिल है.

शीर्ष 10 में शामिल एकमात्र भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार ने 2022 में टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखा. पूर्व कप्तान विराट कोहली 15वें स्थान के साथ बल्लेबाजों की सूची में अगले सर्वश्रेष्ठ भारतीय हैं. वह भी अपनी पिछली रैंकिंग पर बरकरार हैं. गेंदबाजों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 14वें स्थान के साथ शीर्ष भारतीय हैं. अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार एक स्थान के नुकसान से 19वें पायदान पर हैं.

आॅलराउंडर की सूची में भारत के हार्दिक पंड्या बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के बाद दूसरे स्थान पर हैं. हारिस राउफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 10 विकेट के साथ शादाब खान को पछाड़कर पाकिस्तान के शीर्ष गेंदबाज बन गए हैं. उनके 906 अंक हैं. राउफ ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 श्रृंखला में लगातार दो मैच में चार-चार विकेट चटकाए. राउफ को पांच स्थान का फायदा हुआ है और वह 11वें पायदान पर हैं. इस बीच ईश सोढी (620) और शाहीन शाह अफरीदी (624) भी गेंदबाजी रैंकिंग में आगे बढ़े हैं.

टेस्ट प्रारूप में श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रबाथ जयसूर्या ने 13 स्थान की लंबी छलांग लगाई है. आयरलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 10 विकेट की बदौलत वह शीर्ष 10 में शामिल हो गए हैं. जयसूर्या के नाम करियर के सर्वश्रेष्ठ 669 अंक हैं और वह टेस्ट प्रारूप में श्रीलंका के शीर्ष गेंदबाज बन गए हैं. आयरलैंड के खिलाफ दूसरी पारी में चार विकेट चटकाने वाले स्पिनर रमेश मेंडिस (576) को भी तीन स्थान का फायदा हुआ है और वह 32वें स्थान पर हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu