टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की अगुआई करेंगे सूर्यकुमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Jul 2024 10:06 PM
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की अगुआई करेंगे सूर्यकुमार
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली. आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को श्रीलंका के खिलाफ 27 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की श्रृंखला के लिए बृहस्पतिवार को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाया गया जबकि एकदिवसीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने अगले महीने इसी टीम के खिलाफ 50 ओवर की श्रृंखला के लिए स्वयं को उपलब्ध रखा है.

शुभमन गिल को दोनों प्रारूपों की टीम का उप कप्तान बनाया गया है. टीम अगले सप्ताह की शुरुआत में दौरे के लिए रवाना होगी जिसके साथ नए मुख्य कोच गौतम गंभीर के तीन साल के कार्यकाल की शुरुआत होगी. विजय हजारे ट्रॉफी में सात अर्धशतक लगाने वाले रियान पराग और दिल्ली के तेज गेंदबाज र्हिषत राणा एकदिवसीय टीम में दो नए चेहरे हैं.

पिछले महीने टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के बाद रोहित और कोहली के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है. लंबे समय से टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कर रहे शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को उम्मीद के मुताबिक आराम दिया गया है. पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय 27 जुलाई को खेला जाएगा जबकि श्रृंखला के दो अन्य मैच 28 और 30 जुलाई को होंगे. सभी मुकाबले पाल्लेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले दो, चार और सात अगस्त को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाएंगे.

तैंतीस साल के सूर्यकुमार को टी20 श्रृंखला के लिए कप्तानी की दौड़ में हार्दिक पंड्या पर तरजीह दी गई है जो टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के दौरान टीम के उप कप्तान थे. स्टार ऑलराउंडर पंड्या की उम्र मुंबई के सूर्यकुमार से तीन साल कम है लेकिन वह चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और गौतम गंभीर दोनों की पहली पसंद नहीं हैं.

पता चला है कि दोनों ने मंगलवार को इस मुद्दे पर पंड्या से बात की और उन्हें बताया कि दीर्घकालिक विकल्प के रूप में सूर्यकुमार के नाम पर विचार किया जा रहा है. पंड्या को टी20 टीम में जगह मिली है लेकिन निजी कारणों से उन्होंने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में नहीं खेलने का फैसला किया है. सूर्यकुमार ने इससे पूर्व पिछले साल नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में टीम की अगुआई की थी. भारत ने यह श्रृंखला 4-1 से जीती थी. उनकी कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला 1-1 से बराबर रही थी.

घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने के कारण राष्ट्रीय अनुबंध गंवाने के बावजूद श्रेयस अय्यर की लोकेश राहुल के साथ एकदिवसीय टीम में वापसी हुई है. राहुल ने पिछले साल स्वदेश में 50 ओवर में विश्व कप में विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभाई थी. अय्यर इस साल के आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान हैं जबकि गंभीर इस टीम के मेंटर (मार्गदर्शक) थे.

गंभीर को राहुल द्रविड़ की जगह भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाया गया है. द्रविड़ का कार्यकाल टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के साथ खत्म हो गया. रोहित के जोर देने के बावजूद द्रविड़ ने अनुबंध में विस्तार से इनकार कर दिया. सीनियर खिलाड़ियों के संन्यास के बाद इस टीम को 2026 टी20 विश्व कप को देखते हुए तैयार किया जा रहा है जिसके सहमेजबान भारत और श्रीलंका हैं.

टीम इस प्रकार हैं:
टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह, रियान पराग, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, खलील अहमद और मोहम्मद सिराज.
एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, रियान पराग, अक्षर पटेल, खलील अहमद, र्हिषत राणा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu