व्यवस्थित अभ्यास ने चीन को मैथ्स ओलंपियाड जीतने में मदद की: सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार

बीजिंग. सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने कहा है कि आधारभूत शिक्षा और शिक्षकों के व्यवस्थित प्रशिक्षण ने चीन को लगातार ‘इंटरनेशनल मैथमेटिकल ओलंपियाड’ (आईएमओ) जीतने में मदद की. कुमार ने चीन के शिक्षण संस्थानों का दौरा किया और गणित के शिक्षकों व छात्रों से बातचीत की.

कुमार ने कहा, “आईएमओ में चीन के दबदबे का एक खास कारण यह है कि वह आधारभूत शिक्षा और शिक्षकों के व्यवस्थित प्रशिक्षण पर देश भर में जोर देता है.” उन्होंने कहा कि चीन ने लगभग 40 साल पहले आईएमओ में हिस्सा लेना शुरू किया था और 25 बार शीर्ष स्थान हासिल किया है, जो उसके लगातार बेहतरीन होने का सबूत है.

उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “यह दबदबा शुरुआती चरण से ही सालों के कड़े प्रशिक्षण से आता है, जिससे छात्र जिज्ञासु, तेज और अनुशासित बनते हैं.” उन्होंने कहा कि भारत भी संरचित प्रशिक्षण, निरंतर प्रोत्साहन और शिक्षक के रूप में विकास के लिए होनहार प्रतिभाओं की जल्द पहचान करके ऐसा मॉडल अपना सकता है. शंघाई पीपुल्स एसोसिएशन फॉर फ्रेंडशिप विद फॉरेन कंट्रीज (एसपीएएफएफसी) के निमंत्रण पर यहां आए कुमार ने कहा कि उन्होंने शंघाई जिनयुआन सीनियर हाई स्कूल में शिक्षकों और छात्रों से बातचीत की जो चीन के सबसे बड़े और 120 साल पुराने संस्थानों में से एक है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button