भोपाल में चार वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न के आरोप में शिक्षिका का बेटा गिरफ्तार

भोपाल. भोपाल में ट्यूशन पढ़ाने वाली शिक्षिका के 20 वर्षीय बेटे को चार वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त (भोपाल जोन-द्वितीय) संजय अग्रवाल ने बताया कि कथित घटना मंगलवार को शहर के बाग सेवनिया थाना क्षेत्र की है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की मां अपने घर में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है. कई बच्चे वहां पढ़ने के लिए जाते हैं. अधिकारी ने बताया कि रोजाना की तरह बच्ची मंगलवार को भी ट्यूशन गई थी. कक्षा खत्म होने के बाद वह वहीं रुक गई, जबकि अन्य बच्चे अपने घर चले गए. पुलिस ने बताया कि लड़की को अकेला पाकर शिक्षिका के बेटे ने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया. उसने बताया कि घर पहुंचने पर उसने अपनी मां को घटना के बारे में बताया.

अधिकारी ने बताया कि अगले दिन पीड़िता की मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है. अधिकारी ने बताया कि बाद में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने उससे बात की और मामले की पुष्टि की.

जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी और बच्ची अलग-अलग समुदायों से हैं. बुधवार को एक दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों ने बच्ची के परिवार से मुलाकात की. इसके बाद उनमें से कई पुलिस थाने पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button