तेलुगू अभिनेत्री डिंपल हयाती और उनके पति के खिलाफ घरेलू सहायिका ने उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Oct 2025 07:51 PM
तेलुगू अभिनेत्री डिंपल हयाती और उनके पति के खिलाफ घरेलू सहायिका ने उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलुगू अभिनेत्री डिंपल हयाती और उनके पति के खिलाफ अपनी घरेलू सहायिका के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने, उसे परेशान करने और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. ओडिशा की 22 वर्षीय एक महिला ने आरोप लगाया कि अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद भी उसे दंपति उचित भोजन नहीं देते हैं, उसे गालियां देते हैं और धमकी देते हैं.

इस महिला ने अभिनेत्री के घर पर 22 सितंबर से घरेलू सहायिका के तौर पर काम करना शुरू किया था. उसने आरोप लगाया कि दंपति ने उसका अपमान किया और गुस्से में यहां तक कह डाला कि ‘मेरी जिंदगी (सहायिका की जिंदगी) उनके जूते के बराबर भी नहीं है.’ घरेलू सहायिका ने आरोप लगाया कि 29 सितंबर को जब उसने उनके अपमानजनक व्यवहार को रिकॉर्ड करने की कोशिश की, तो दंपति ने उसे धमकाया. उसने पुलिस को बताया, ”अभिनेत्री के पति ने मेरा फ.ोन छीन लिया, उसे जमीन पर पटक दिया और तोड़ दिया.”

शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद उसने (अभिनेत्री के पति ने) उसे मारने की कोशिश की लेकिन वह किसी तरह बच निकली और इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए. फिल्मनगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने उसी दिन बाद में शिकायत दर्ज करायी, जिसके आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu