राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल करना अस्थायी राहत : भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Aug 2023 07:03 PM
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल करना अस्थायी राहत : भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या
ऑडियो सुनें

भोपाल. भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने सोमवार को कहा कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता की बहाली, मामला सुलझने तक कांग्रेस नेता के लिए एक अस्थायी राहत है. मानहानि मामले में गांधी को गुजरात की एक अदालत द्वारा सुनायी गयी सजा पर उच्चतम से स्थगन लगने के बाद सोमवार को गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल कर दी गई. संसद पहुंचने पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी सांसदों ने गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया.

लोकसभा सचिवालय ने एक अधिसूचना जारी कर घोषणा की कि संसद सदस्य के तौर पर उनकी अयोग्यता को रद्द कर दिया गया है और उनकी सजा पर उच्चतम न्यायालय की रोक के बाद उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई है. इसके बारे में पूछे जाने पर, सूर्या ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ” यह अंतिम सुनवाई होने और मामले के सुलझने तक एक अस्थायी राहत है. उच्चतम न्यायालय के इस अंतरिम आदेश के परिणामस्वरूप, राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता अस्थायी रूप से बहाल कर दी गई है.”

बेंगलुरु दक्षिण से लोकसभा सदस्य सूर्या ने कहा कि अगर उच्चतम न्यायालय गुजरात उच्च न्यायालय की सजा को बरकरार रखता है तो स्वाभाविक रुप से राहुल गांधी की सदस्यता फिर से रद्द हो जाएगी, ऐसे में जब तक यह अंतरिम आदेश है तबतक वह उससे खुश रह सकते हैं. भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्या पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों के सिलसिले में भोपाल में थे.

गुजरात की एक अदालत ने 23 मार्च को गांधी को मानहानि मामले में दोषी ठहराया और उन्हें दो साल की जेल की सजा सुनाई. इसके बाद 24 मार्च को गांधी को लोकसभा सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था. दो साल और उससे अधिक की सजा होने पर जनप्रतिनिधियों को अयोग्य घोषित करने का प्रावधान है. उच्चतम न्यायालय ने पिछले शुक्रवार को राहुल की दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी, जिससे उनकी लोकसभा सदस्यता बहाल करने का रास्ता साफ हो गया था. राहुल लोकसभा में केरल के वायनाड क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu