दस साल पहले सोचा भी नहीं जा सकता था कि उप्र इस तरह औद्योगिक क्रांति की शुरूआत करेगा: राजनाथ

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 18 Oct 2025 02:39 PM
दस साल पहले सोचा भी नहीं जा सकता था कि उप्र इस तरह औद्योगिक क्रांति की शुरूआत करेगा: राजनाथ
ऑडियो सुनें

लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि दस साल पहले सोचा भी नहीं जा सकता था कि उत्तर प्रदेश इस तरह औद्योगिक क्रांति की शुरूआत करेगा। लखनऊ में ‘पीटीसी इंडस्ट्रीज’ के भ्रमण के बाद यहां ‘टाइटेनियम’ और ‘सुपर एलॉयज’ सामग्री संयंत्र के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘मैं कहना चाहता हूं कि यह (पीटीसी) निजी क्षेत्र की पहली निर्माता इकाई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक बहुत महत्वपूर्ण बात यह है कि यह उद्घाटन उत्तर प्रदेश की धरती पर हो रहा है। आज से लगभग दस साल पहले यह सोचा भी नहीं जा सकता था कि उत्तर प्रदेश इस तरह की औद्योगिक क्रांति की शुरूआत करेगा।’’ सिंह ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में ऐसी औद्योगिक क्रांति होगी, इसकी तो हम लोग कल्पना भी नहीं करते थे। सारा माहौल बनाने में हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जो मुख्य भूमिका निभाई है, उसके लिए मैं प्रशंसा करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज नयी तकनीक आ रही हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उसमें उपयोग होने वाली सामग्री का हम उत्पादन करें, क्योंकि इसके बिना हम तकनीकी प्रगति सुनिश्चित नहीं कर सकते। पीटीसी का प्रयास हमारे लिए बहुत ही सराहनीय है।’’ रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘हमने देखा है कि आजादी के बाद से कई दशकों तक हमारे रक्षा क्षेत्र और ‘एयरोस्पेस’ कार्यक्रम के लिए जिस उन्नत सामग्री और तकनीक की आवश्यकता थी, उसके लिए हम दुनिया के दूसरे देशों पर निर्भर रहते थे।’’

उन्होंने कहा कि इसके चलते स्वाभाविक था कि रक्षा क्षेत्र में हमारी गति जिनती तेज होनी चाहिए थी, उतनी नहीं हो पाई। ंिसह ने कहा, ‘‘आज यह जो परियोजना लखनऊ में शुरू हो रही है, वह पूरी कहानी को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है।’’

योगी की सराहना करते हुए राजनाथ ंिसह ने कहा, ‘‘जो देश की राजनीतिक परिस्थितियों को कम जानने वाला होगा, उससे भी कानून-व्यवस्था पर सवाल किया जाए तो हर व्यक्ति कहेगा कि उत्तर प्रदेश इस मामले में सबसे बेहतर है। अब यहां माहौल पूरी तरह बदल चुका है।’’

रक्षा मंत्री ने दावा किया, ‘‘उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बहुत मजबूत है और निवेशकों का आत्मबल भी बहुत मजबूत है, अब वे घबराते नहीं हैं, इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जाता है। इनके अंदर विकास की एक नयी सोच है…।’’ उन्होंने कहा कि आज देश-विदेश से निवेशक उत्तर प्रदेश में आकर विकास की एक नयी कहानी लिख रहे हैं। कुछ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में आयोजित हुए निवेशक सम्मेलन ने दिखा दिया था कि उत्तर प्रदेश अब देश का ‘‘विकास इंजन’’ बनने जा रहा है।

सिंह ने कहा, ‘‘इसी माहौल का असर है कि पीटीसी ने भी लखनऊ को ही चुना क्योंकि यहां शासन और प्रशासन मिलकर उद्योग को बढ़ावा दे रहे हैं।’’ रक्षा मंत्री ने ‘पीटीसी इंडस्ट्रीज’ के निदेशक सचिन अग्रवाल और उनकी पत्नी स्मिता अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘पीटीसी इंडस्ट्रीज’ के भ्रमण के बाद संयंत्र के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के विकास में किए जा रहे नए प्रयोगों और रक्षा मंत्री के लखनऊ के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी चर्चा करते हुए दोनों की सराहना की। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital