हुबली में वास्तु विशेषज्ञ चंद्रशेखर गुरुजी की नृशंस हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Jul 2022 10:25 PM
हुबली में वास्तु विशेषज्ञ चंद्रशेखर गुरुजी की नृशंस हत्या

ऑडियो सुनें

हुबली. ‘सरल वास्तु’ से मशहूर हुए चंद्रशेखर गुरुजी की कर्नाटक के हुबली में एक होटल में मंगलवार को छुरा घोंपकर नृशंस हत्या कर दी गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दिख रहा है कि होटल के ‘रिसेप्शन’ क्षेत्र में दो लोग पहले गुरुजी का अभिवादन करते हैं, फिर उन्हें लगातार कई बार छुरा घोंप रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही हुबली के पुलिस आयुक्त लाभू राम मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने कहा कि कुछ घंटों के अंदर हत्या में कथित रूप से शामिल मंजूनाथ मारेवाड़ और महंतेश सिरूर को हिरासत में लिया गया. आरोप है कि दोनों आरोपी हत्या करने के बाद घटनास्थल से भाग गए थे, लेकिन पड़ोसी जिले बेलगावी के रामदुर्ग में दोनों को पकड़ लिया गया.

हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त लाभू राम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘दोनों को हिरासत में लिया गया है और हम उन्हें हुबली वापस ला रहे हैं. दोनों से पूछताछ की जाएगी.’’ कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि गुरुजी के हत्यारों के लिए कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपाय किए जाएंगे. बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने इसे एक जघन्य और दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य करार दिया.

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि मूल रूप से बगलकोटे निवासी गुरुजी ने ठेकेदार के रूप में काम करना शुरू किया, लेकिन बाद में उन्हें मुंबई में नौकरी मिल गई. इसके बाद गुरुजी मुंबई में बस गये और वास्तु परामर्श देने लगे. तीन दिन पहले गुरुजी के परिवार के एक बच्चे की मौत हुबली में हो गई थी, जिसके कारण वह यहां आए थे.

By Yogesh Kumar Sahu