
यवतमाल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) आगामी लोकसभा चुनाव में 400 सीट का आंकड़ा पार करेगा और अगले पांच वर्ष में देश का तेजी से विकास होगा. महत्वपूर्ण चुनाव से कुछ हफ्ते पहले प्रधानमंत्री ने ‘अबकी बार एनडीए (राजग) सरकार 400 पार’ के अपने नारे को दोहराया और कहा कि देश ने भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 2019 के चुनाव से भी बड़ा बहुमत देने का फैसला किया है.
मोदी हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने, रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाने और पात्र किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत धनराशि वितरित करने के बाद पूर्वी महाराष्ट्र के विदर्भ में यवतमाल जिले में एक रैली को संबोधित कर रहे थे. प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में उनकी सरकार द्वारा किए गए कार्यों ने अगले 25 वर्षों के लिए देश की मजबूत नींव रखी है और उनका मिशन लोगों के जीवन को बदलना है.
उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने का अभियान और गति पकड़ेगा.
मोदी ने कहा कि जब उन्होंने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले यवतमाल का दौरा किया, तो जिले के लोगों ने उन्हें बहुत प्यार दिया और इससे राजग को प्रचंड बहुमत के साथ दोनों चुनाव जीतने में मदद मिली. शीर्ष भाजपा नेता ने कहा कि देश ने आगामी लोकसभा चुनाव में दो दर्जन से अधिक राजनीतिक दलों के समूह राजग को 400 से अधिक सीट (कुल 543 में से) देने का फैसला किया है.
मोदी ने कहा, ”हम (भाजपा नीत राजग) इस बार 400 सीट का आंकड़ा पार करेंगे. आने वाले पांच वर्षों में तेजी से विकास होगा.” उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार पर हमला बोला और कहा कि जब उन्होंने (2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार में) कृषि विभाग संभाला था, तो किसानों के लिए वित्तीय पैकेज की घोषणा की गई, लेकिन धन को लाभार्थियों तक पहुंचने से पहले ही अन्यत्र ठिकाने लगा दिया गया.
उन्होंने कहा, ”इन पैकेज से गरीबों, आदिवासियों और किसानों को कुछ नहीं मिलता था.” उन्होंने कहा कि आज सिर्फ एक ‘क्लिक’ से पीएम किसान सम्मान निधि के तहत नौ करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में सीधे 21,000 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए और ‘यही मोदी की गारंटी है.’ मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान जब केंद्र सरकार से कल्याणकारी योजनाओं के लिए एक रुपया जारी होता था, तब केवल 15 पैसे ही इच्छित लाभार्थी तक पहुंचते थे (1980 के दशक में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा दिए गए एक बयान का संदर्भ).
उन्होंने कहा, ”अगर आज कांग्रेस सरकार सत्ता में होती, तो 21,000 करोड़ रुपये (यवतमाल में किसान सम्मान निधि के तहत वितरित) में से 18,000 करोड़ रुपये बीच में ही लूट लिए गए होते. लेकिन भाजपा सरकार के तहत, गरीबों को उनका पूरा हक मिल रहा है.” मोदी ने कहा कि उनकी सरकार लोगों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने पानी के महत्व पर जोर दिया और विदर्भ में इसकी कमी का मुद्दा उठाया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश के गांवों में पीने के पानी और सिंचाई सुविधाओं के मुद्दे पर अराजकता थी और आज भी विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को इस महत्वपूर्ण मुद्दे की कोई चिंता नहीं है. मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश में 100 परिवारों में से केवल 15 को ही पाइप से पानी मिलता था. उन्होंने कहा कि हालांकि, केंद्र सरकार द्वारा 2019 में ‘हर घर जल’ योजना शुरू किए जाने के बाद 100 में से 75 ग्रामीण परिवारों को पाइप के माध्यम से पीने का पानी मिल रहा है. मोदी ने कांग्रेस पर हमला किया और उस पर अपने शासन के दौरान देश में 100 बड़ी सिंचाई परियोजनाओं को रोकने का आरोप लगाया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 60 से अधिक ऐसी सिंचाई परियोजनाएं पूरी की हैं और अन्य भी पूरी होने वाली हैं. मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में 26 बड़ी सिंचाई परियोजनाएं थीं, जहां कोई काम नहीं हो रहा था, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद, इनमें से 12 पूरी हो चुकी हैं और बाकी पर तेजी से काम चल रहा है. मोदी ने यवतमाल शहर में भाजपा के प्रमुख विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया.
प्रधानमंत्री ने लगभग 3,800 करोड़ रुपये की ‘नमो शेतकारी महासम्मान निधि’ की दूसरी और तीसरी किस्त वितरित की, जिससे पूरे महाराष्ट्र में लगभग 88 लाख किसानों को लाभ हुआ. इस अवसर पर, मोदी ने पूरे महाराष्ट्र में 5.5 लाख महिला स्वयं सहायता समूहों को 825 करोड़ रुपये वितरित किए और एक करोड़ आयुष्मान (स्वास्थ्य) कार्ड के वितरण की शुरुआत की. उन्होंने महाराष्ट्र में ओबीसी श्रेणी के लाभार्थियों के लिए ‘मोदी आवास घरकुल योजना’ शुरू की. इस योजना में वित्त वर्ष 2023-24 से वित्त वर्ष 2025-26 तक 10 लाख घरों के निर्माण की परिकल्पना की गई है.
प्रधानमंत्री ने मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों को लाभ पहुंचाने वाली कई सिंचाई परियोजनाएं राष्ट्र को सर्मिपत कीं और महाराष्ट्र में 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन किया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ऑनलाइन तरीके से दो ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई. मोदी ने महाराष्ट्र में सड़क क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से कई परियोजनाएं भी राष्ट्र को सर्मिपत कीं.



