एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटाकर 2014 के स्तर पर लाई जाए: कांग्रेस

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 07 May 2022 07:11 PM
एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटाकर 2014 के स्तर पर लाई जाए: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/कोलकाता. कांग्रेस ने शनिवार को सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की ताजा बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार को यह बढ़ोतरी वापस लेनी चाहिए तथा सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम को घटाकर साल 2014 के समय रही कीमत के बराबर लाना चाहिए.

मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने यह दावा भी किया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले आठ वर्षों में सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 585 रुपये की बढ़ोतरी की है और सब्सिडी भी पूरी तरह खत्म कर दी है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘संप्रग सरकार के दौरान एलपीजी सिलेंडर का दाम 414 रुपये था. हर सिलेंडर पर 827 रुपये की सब्सिडी दी जाती थी. आज सिलेंडर की कीमत 999 रुपये है. सब्सिडी की राशि शून्य है. मोदी सरकार ने उन सभी सुरक्षा कवचों को हटा दिया है जिनकी व्यवस्था कांग्रेस ने आम आदमी की सुरक्षा के लिए की थी.’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज करोड़ों घर महंगाई, बेरोजगारी और खराब शासन की वजह से मुश्किल का सामना कर रहे हैं. कांग्रेस पार्टी कभी भी ऐसा नहीं होने देती. हमने हमेशा जरूरतमंद परिवारों की मदद की है और हमेशा करेंगे.’’ पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा मालामाल, जनता बेहाल. भाजपा राज में सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर का दाम ढाई गुना अधिक हो चुका है. रसोई गैस अब मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग की पहुंच से बाहर हो चुकी है.’’ उनके मुताबिक, मई 2014 में सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 414 रुपये थी जो आज 999.50 रुपये हो चुकी है, यानी इसमें 585 रुपये से अधिक की वृद्धि हुई है.

सुरजेवाला ने सरकार से आग्रह किया, ‘‘सब्सिडी वाली रसोई गैस की कीमत को घटाकर 2014 के स्तर पर लाया जाए.’’ कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पार्टी मुख्यालय में गैस सिलेंडर पर माला चढ़ाकर और सब्जियों के समक्ष अगरबत्ती जलाकर महंगाई को लेकर सरकार पर तंज कसा. उनका कहना था कि यह ‘सिलेंडर की श्रद्धांजलि सभा’ है.

खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘विदेश दौरे से वापस आते ही साहब (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) ने गैस सिलेंडर की कीमत 50 रुपये बढ़ा दी. कभी मोदी जी ने बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर कहा था कि सब्सिडी को सरेंडर करिये. आज यह हालत देख कर लगता है कि सिलेंडर को ही सरेंडर कर दिया जाए.’’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार ने एलपीजी पर वर्ष 2013-14 में 46,458 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी थी, लेकिन मोदी सरकार ने 2015-16 में घटाकर यह सब्सिडी 18 करोड़ रुपये कर दी और 2016-17 में इसे शून्य कर दिया.

खेड़ा ने कहा, ‘‘इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिन 23 करोड़ लोगों को संप्रग सरकार ने गरीबी रेखा से ऊपर उठाया था, वे 23 करोड़ लोग फिर से गरीबी रेखा के नीचे चले गए और इसमें 14 करोड़ लोग और बढ़ गए. ऐसे में सरकार के पास बड़ा दिल होना चाहिए, लेकिन इस सरकार के पास दिल ही नहीं है.’’ उन्होंने कहा कि इस सरकार ने कर्मिशयल सिलेंडर के दाम पिछले महीने 102 रुपये बढ़ा दिए. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार लोगों को हर तरीके से चोट पहुंचा रही है.

खेड़ा ने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि देश को कुछ राहत दीजिए. बढ़ोतरी वापस लीजिए. इसे घटाकर 2014 के दाम के स्तर पर लाइए. देश राहत की भीख मांग रहा है.’’ उधर, भारतीय युवा कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घरेलू रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ शनिवार को पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी के आवास के निकट प्रदर्शन किया.

देशवासियों को ठग रही है भाजपा: पायलट

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने घरेलू रसोई गैस की कीमत में फिर बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी देशवासियों को ठगने का काम कर रही है. पायलट ने एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी की खबर आने के बाद ट्वीट किया,‘‘केंद्र सरकार के कुशासन में हर सुबह नई कठिनाइयां लेकर आती है. घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर 1000 रुपये के पार पहुंचा दिए गए हैं, जो लोगों विशेषकर गरीब व मध्यम वर्ग के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है.’’

उन्होंने यह भी ट्वीट किया कि आमदनी व बचत पर महंगाई का ग्रहण लगाकर भाजपा देशवासियों को ठगने का काम कर रही है.
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने शनिवार को नई दिल्ली में कहा कि केंद्र सरकार को घरेलू रसोई गैस की कीमत में की गई बढ़ोतरी वापस लेनी चाहिए और सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम को साल 2014 के समय रही कीमत के बराबर लाना चाहिए.

केंद्र सरकार ईंधन की कीमतें बढ़ाकर जनता का ‘उत्पीड़न’ कर रही : ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ईंधन की कीमतों में नियमित रूप से इजाफा करके देश की जनता का ‘उत्पीड़न’ कर रही है. घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़त को लेकर ममता ने यह आरोप लगाया. ममता ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस (एलपीजी) और अन्य जरूरी चीजों के दाम बढ़ाकर ?‘महान भारतीय लूट’ (ग्रेट इंडियन लूट) कर रही है.

ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘केंद्र सरकार को भारत के लोगों का उत्पीड़न तुरंत बंद करना चाहिए. ईंधन, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बार-बार वृद्धि करके भाजपा वास्तव में एक महान भारतीय लूट (ग्रेट इंडियन लूट) कर रही है. देश के लोगों को बेवकूफ बनाया जा रहा है.’’ घरेलू रसोई गैस की कीमत में शनिवार को 50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई, जो पिछले दो महीनों में की गई दूसरी वृद्धि है. इससे कोलकाता शहर में घरेलू रसोई गैस की कीमत बढ़कर 1,026 रुपये हो गई है. रसोई गैस सिलेंडर की कीमत स्थानीय करों के आधार पर अलग-अलग शहरों में अलग-अलग होती है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav