सत्तारूढ़ भाजपा को बंगाल की धरती कभी मौका नहीं देगी: महुआ मोइत्रा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Dec 2025 08:00 PM
सत्तारूढ़ भाजपा को बंगाल की धरती कभी मौका नहीं देगी: महुआ मोइत्रा

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने सोमवार को सरकार पर पश्चिम बंगाल चुनाव को ध्यान में रखकर लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को बंगाल की धरती कभी मौका नहीं देगी. मोइत्रा ने सदन में ‘राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर चर्चा’ में भाग लेते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘आईटी प्रकोष्ठ के कुछ लोगों ने सुझाया होगा कि वंदे मातरम् की बात करने से आपको बंगाल चुनाव में लाभ होगा. लेकिन हमें खुशी है कि यह मौका आपको याद दिलाएगा कि बंगाल की धरती आपको मौका नहीं देने वाली.’’

उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत में ‘सुजलाम, सुफलाम, मलयज शीतलाम’ को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘राष्ट्रगीत में सुजलाम का उल्लेख है कि लेकिन देश में आज पानी पीने लायक नहीं है. राज्यों की जलजीवन मिशन की राशि काटी जा रही है. इसमें मलयज शीतलाम यानी शुद्ध शीतल हवा का उल्लेख है, लेकिन आज हवा जहरीली है. पर्यावरण मंत्रालय ने प्रदूषण कोष का एक प्रतिशत से भी कम खर्च किया है.’’ मोइत्रा ने कहा कि राष्ट्रीय गीत में ‘सुहाषिणी, समुधुर भाषिणी’ यानी मुस्कराते हुए मीठे शब्द बोलने की बात है लेकिन भाजपा सरकार में रोजाना नफरत भरे भाषण अल्पसंख्यकों के खिलाफ दिए जाते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu