जम्मू कश्मीर में अगली सरकार ‘राष्ट्रवादियों’ की होगी, ‘राष्ट्र-विरोधियों’ की नहीं: राम माधव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Sep 2024 09:49 PM
जम्मू कश्मीर में अगली सरकार ‘राष्ट्रवादियों’ की होगी, ‘राष्ट्र-विरोधियों’ की नहीं: राम माधव
ऑडियो सुनें

नौशेरा/जम्मू. जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी राम माधव ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में अगली सरकार “राष्ट्रवादियों” की होगी, न कि “राष्ट्र-विरोधियों” की. राम माधव ने यह बात नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर अपने प्रचार में पूर्व आतंकवादियों और कश्मीर में चुनावी मुकाबले में अलगाववादियों के परिवार के सदस्यों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि भाजपा जम्मू कश्मीर में होने वाले चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी क्योंकि वह जम्मू क्षेत्र में 35 सीट जीतने के अलावा कश्मीर में भी जीत दर्ज करेगी. माधव ने यहां एक चुनावी रैली में कहा, ”हमने अनुच्छेद 370 को खत्म किया है और पिछले पांच वर्षों के दौरान इस क्षेत्र में शांति, प्रगति और विकास लाये हैं. यह प्रगति और विकास जारी रहेगा. हमने 2024 में इस क्षेत्र की बागडोर अलगाववादियों और नरमपंथी अलगाववादियों को सौंपने के लिए इतनी मेहनत नहीं की है.”

उन्होंने कहा, ”हम यह स्पष्ट कर दें कि यहां बनने वाली अगली सरकार राष्ट्रवादियों की होगी, राष्ट्र-विरोधियों की नहीं. जम्मू कश्मीर में मुफ्ती और अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली कोई सरकार नहीं होगी.” जम्मू कश्मीर भाजपा प्रमुख रवींद्र रैना के समर्थन में प्रचार अभियान पर निकले माधव ने कहा, “हमें यहां ऐसी सरकार चाहिए जो मोदी जी द्वारा पूरे देश में किए गए विकास कार्यों को जारी रखे. हम ऐसी सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”

पूर्व आतंकवादियों के इस्तेमाल को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा, ”घाटी में पूर्व आतंकवादी नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी के लिए खुलेआम प्रचार कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”आतंकवादियों और अलगाववादियों के परिवार के सदस्य खुलेआम चुनाव में उतर रहे हैं. लोकतंत्र में सभी का स्वागत है. हमें कोई आपत्ति नहीं है. चुनाव लड़ें और जीतें.” ऐसे लोगों के विधानसभा पहुंचने पर आसन्न खतरों के बारे में मतदाताओं को आगाह करते हुए माधव ने कहा, “याद रखें कि विधानसभा में एक अलगाववादी नेता इंजीनियर रशीद विधायक के तौर पर हुआ करते थे. रवींद्र रैना उनसे झगड़ते थे. वे रोजाना भारत को कोसते थे. वे भारत विरोधी बयान देते थे. ऐसे बहुत से लोगों को विधानसभा में धकेलने की कोशिश की जा रही है.”

इस खेल को विफल करने के लिए लोगों से समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा, ”इसलिए, हमें विधानसभा में दसियों रैना भेजने की जरूरत है. आपको जम्मू में भाजपा को 35 सीट दिलानी होंगी. घाटी में ऐसी ताकतों को पार्टियों द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है. ऐसे लोग भविष्य में चुने जाएंगे. अगर उनकी आवाज मजबूत हुई तो जम्मू कश्मीर पर गंभीर खतरा मंडराएगा. कृपया सावधान रहें.” पूर्व आतंकवादियों के इस्तेमाल के मुद्दे पर माधव ने कहा, “यह एक तथ्य है. यह कोई आरोप नहीं है. वे खुलेआम घूम रहे हैं. हमने प्रशासन से भी शिकायत की है.” उन्होंने कहा कि भाजपा जम्मू में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और नयी विधानसभा में उसे अधिकांश सीटें मिलेंगी.

उन्होंने कहा, ”भाजपा को जम्मू क्षेत्र में 35 सीट मिलेंगी. हमारे अच्छे उम्मीदवार घाटी में चुनाव लड़ रहे हैं और चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी.” पीडीपी पर निशाना साधते हुए माधव ने कहा, ”जब हमने दस साल पहले जम्मू कश्मीर में सरकार बनाई थी, तो हमारा उद्देश्य क्षेत्र में राष्ट्रवाद फैलाना और राष्ट्र विरोधी आवाजों को चुप कराना था. कुछ मुद्दों के कारण हम सरकार से बाहर हो गए. हमें कोई पछतावा नहीं है.” नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी पर निशाना साधते हुए माधव ने कहा, “हमारे विरोधी इस क्षेत्र को विकास और शांति में आगे बढ़ाने के बजाय पीछे ले जाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि वे अनुच्छेद 370 को वापस लाएंगे. हमने अनुच्छेद 370 को हटाकर विभिन्न वर्गों को अधिकार और आरक्षण दिया और नेशनल कॉन्फ्रेंस का कहना है कि वे अनुच्छेद 370 को वापस लाकर उन्हें आरक्षण से वंचित करना चाहते हैं.”

उन्होंने कहा, ”जब जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू था, तो वे लोगों से जम्मू कश्मीर को और अधिक स्वायत्तता लाने के लिए कहते थे. अब वे कह रहे हैं कि वे अनुच्छेद 370 और स्वायत्तता वापस लाएंगे. उसके दशकों बाद, अब्दुल्ला और मुफ्ती मैडम वही पुराना राग अलाप रहे हैं. हम जम्मू कश्मीर को पुराने दौर में वापस नहीं जाने देंगे. इसलिए इन दलों से सावधान रहें.” माधव ने कहा कि कांग्रेस लोगों को राज्य का दर्जा देने का दावा कर रही है.

उन्होंने कहा, ”यह मोदी जी देंगे. उनकी (कांग्रेस की) पुरानी आदत है. वे (कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दल) झूठे वादे कर रहे हैं. राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा, लेकिन यह मोदी जी ही करेंगे, कोई और नहीं. उन पर (विपक्ष पर) भरोसा मत करो. वे कुछ नहीं कर सकते.” माधव ने कहा कि कांग्रेस ने जम्मू को नेशनल कान्फ्रेंस को दे दिया है. उन्होंने कहा, ”कांग्रेस, जिसके विधायक यहां से जीते हैं, अब्दुल्ला परिवार का समर्थन पाने के उनके पास भाग कर चले गये. ये वही नेशनल कान्फ्रेंस है जिसके नेता, डॉ. फारूक अब्दुल्ला जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट का हिस्सा थे. लेकिन उनमें से हर कोई रंग बदलने का आदी है.” माधव ने कहा कि जम्मू में आतंकवाद को फिर से पुनर्जीवित किया जा रहा है.

उन्होंने कहा, ”वे जम्मू में आतंकवाद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. आतंकवादी दूसरी तरफ से आ रहे हैं, पहाड़ियों में छिप रहे हैं और सेना और तीर्थयात्रियों पर हमला कर रहे हैं. वे सफल नहीं होंगे क्योंकि सरकार और लोग यहां हैं. हर आतंकवादी को मार गिराया जाएगा.” चुनावों में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने का विश्वास व्यक्त करते हुए माधव ने कहा, “हमारा कोई गठबंधन नहीं है. हमने कश्मीर में 20 उम्मीदवार उतारे हैं. जम्मू में हमने मजबूत उम्मीदवार उतारे हैं. हम जम्मू में 35 से अधिक सीट जीतेंगे. हमें घाटी में भी जीत मिलेगी.” भाषा

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu