हरियाणा की जनता ने झूठ को परास्त कर विकास की जीत सुनिश्चित की: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Oct 2024 09:58 PM
हरियाणा की जनता ने झूठ को परास्त कर विकास की जीत सुनिश्चित की: प्रधानमंत्री मोदी

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर सत्ता कायम रखने के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि राज्य के लोगों ने झूठ को खत्म कर दिया और सत्य, विकास और सुशासन की जीत सुनिश्चित की है.

भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न होना भारत के संविधान और लोकतंत्र की जीत है. मोदी ने कहा कि जब भी भाजपा किसी राज्य में सरकार बनाती है, तो लोग लंबे समय तक उसका समर्थन करते हैं और कांग्रेस के लिए ”नो एंट्री” बोर्ड लगा देते हैं.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस शायद ही कभी सत्ता में वापस आती है. 13 साल हो गए जब कांग्रेस असम में सत्ता में वापस आई थी, और कुछ राज्य ऐसे हैं जहां कांग्रेस 60 साल से सत्ता में नहीं लौटी है.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”एक बार जब लोग कांग्रेस को बाहर कर देते हैं, तो वे उसे वापस नहीं आने देते. वे कांग्रेस के लिए ‘नो एंट्री’ बोर्ड लगा देते हैं…यह ऐसी पार्टी है जिसने हमेशा माना कि सत्ता उसका जन्मसिद्ध अधिकार है.” मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने कमाल कर दिया है और हर जगह कमल खिल गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दलितों, आदिवासियों, किसानों और युवाओं को हर संभव तरीके से भड़काने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसकी चालों और दुष्प्रचार को समझ लिया और पार्टी को नकार दिया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि गीता की धरती पर सत्य, विकास और सुशासन की जीत हुई है. मोदी ने कहा कि आज हरियाणा में विकास की गारंटी ने झूठ की गोटी को मात दे दी है. उन्होंने कांग्रेस पर देश को बदनाम करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘परजीवी’ बन गई है जो अपने गठबंधन सहयोगियों पर निर्भर है और कई बार उन्हें निगल जाती है. मोदी ने कहा कि हरियाणा का गठन 1966 में हुआ था और अब तक राज्य में 13 चुनाव हो चुके हैं. मोदी ने कहा, ”इनमें से 10 चुनावों में हरियाणा की जनता ने हर पांच साल में सरकार बदली. हालांकि, हरियाणा की जनता ने कुछ उल्लेखनीय काम किया है. पहली बार किसी सरकार को लगातार तीसरी बार मौका मिला है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu