थिएटर भगदड़ मामला: अल्लू अर्जुन ने घायल बच्चे से अस्पताल में मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Jan 2025 07:45 PM
थिएटर भगदड़ मामला: अल्लू अर्जुन ने घायल बच्चे से अस्पताल में मुलाकात की
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन ने ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान हुई भगदड़ में गंभीर रूप से घायल आठ वर्षीय बच्चे से मंगलवार को सुबह मुलाकात की. बच्चे का एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. सूत्रों ने बताया कि अर्जुन ने अस्पताल में करीब 10 मिनट बिताकर बच्चे श्रीतेज की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली.

अल्लू अर्जुन के अस्पताल दौरे के दौरान तेलंगाना स्टेट फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एफडीसी) के अध्यक्ष वेंकट रमना रेड्डी (दिल राजू) भी मौजूद थे. अभिनेता के दौरे के मद्देनजर अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. इससे पहले अर्जुन का पांच जनवरी को अस्पताल जाने का कार्यक्रम था लेकिन यह योजना रद्द कर दी गई. चार दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान अभिनेता की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों के बीच होड़ मचने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति हो गई थी और उसी दौरान 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी और उसका आठ वर्षीय बेटा घायल हो गया था. इस मामले में अभिनेता को आरोपी नंबर 11 के रूप में नामित किया गया है.

रामगोपालपेट पुलिस थाने के प्रभारी ने अल्लू अर्जुन को अस्पताल के उनके प्रस्तावित दौरे के संबंध में एक नोटिस जारी किया था और उन्हें इसे गोपनीय रखने की सलाह दी थी ताकि अस्पताल और उसके आसपास सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखी जा सके. मंगलवार को अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा गया कि श्रीतेज बिना किसी बाहरी सहायता के अपने महत्वपूर्ण मापदंडों को अच्छी तरह से बनाए रख रहे हैं. बुलेटिन में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें बुखार नहीं है, उनकी ‘एंटीबायोटिक्स’ बंद कर दी गई हैं.

बुलेटिन में कहा गया है कि वह ‘नासोगै्ट्रिरक फीड’ को अच्छी तरह से सहन कर रहे हैं और उन्हें सहायक उपचार मिल रहा है. अस्पताल ने एक स्वास्थ्य अपडेट में कहा कि श्रीतेज के व्यवहार में कुछ सुधार हुआ है. उनकी उत्तेजना और मांसपेशियों की ऐंठन में कमी आई है, लेकिन ये पूरी तरह से ठीक नहीं हुई हैं और अभी भी हैं. उनकी मानसिक स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu