हर क्षेत्र में है सामाजिक अन्याय , 90 प्रतिशत आबादी के लोगों के लिए कोई अहम भूमिका नहीं: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Mar 2024 10:34 PM
हर क्षेत्र में है सामाजिक अन्याय , 90 प्रतिशत आबादी के लोगों के लिए कोई अहम भूमिका नहीं: राहुल
ऑडियो सुनें

शाजापुर/उज्जैन. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि देश के हर संस्थान में सामाजिक अन्याय व्याप्त है.
उन्होंने दावा किया कि 90 प्रतिशत आबादी वाले पिछड़े, दलित और अन्य श्रेणियों के सदस्य किसी भी प्रमुख पद पर नहीं हैं. गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने के बाद अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान राज्य के शाजापुर में एक खुली जीप पर बैठकर एक सभा को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा, “इस देश में पिछड़े वर्ग के लोगों की आबादी कितनी है? यह 50 प्रतिशत है, फिर दलित 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति (एसटी) आठ प्रतिशत और अल्पसंख्यक 15 प्रतिशत हैं, जो कुल लगभग 90 प्रतिशत होता है. अब आप शीर्ष उद्योगपतियों और शीर्ष कंपनियों के प्रबंधन की सूची निकालें, तो आपको इस 90 प्रतिशत वर्ग से संबंधित एक भी व्यक्ति नहीं मिलेगा.” गांधी ने दावा किया, “मीडिया में भी यही स्थिति है. आपको पिछड़े, दलित या एसटी वर्ग से आने वाला एक भी बड़ा पत्रकार नहीं मिलेगा. टीवी एंकरों और मीडिया मालिकों के मामले में भी यही स्थिति है.”

उन्होंने कहा, ” इसी तरह, यदि आप नौकरशाही को देखें, तो केंद्र में 90 आईएएस अधिकारी पूरे देश का बजट आवंटित करते हैं. मध्य प्रदेश में भी 60-70 आईएएस अधिकारी राज्य का बजट आवंटित करते हैं. अगर आप सूची पर नजर डालें तो आपको 90 फीसदी वर्ग का एक भी व्यक्ति नहीं मिलेगा. अगर कोई है भी तो वह छोटे बजट वाला कोई छोटा-मोटा मंत्रालय ही देख रहा होगा.” गांधी ने कहा कि इसलिए इसे सामाजिक अन्याय कहा जाता है और यह हर संस्थान में हो रहा है.

उन्होंने कहा कि इसी तरह निजी अस्पतालों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के मालिकों की सूची में 90 फीसदी वर्ग का एक भी व्यक्ति नहीं मिलेगा. गांधी ने दावा किया कि इन संस्थानों में आपको कोई दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक वर्ग का व्यक्ति नहीं मिलेगा.

उन्होंने आरोप लगाया, “देश में हो यह रहा है कि तीन से चार फीसदी लोगों ने (सत्ता/संसाधनों पर) कब्जा कर लिया है और उस वर्ग में कोई घुस ही नहीं सकता. सबसे ऊपर अडाणी और अंबानी बैठे हैं और 30-40 नौकरशाह, आईएएस अधिकारी वहां हैं जो सभी निर्णय लेते हैं.” पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पटवारी, पुलिस और अन्य पदों के लिए सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं के पेपर लीक होने से गरीबों के बच्चों को काफी परेशानी होती है. 3-4 प्रतिशत वर्ग के बच्चों को परीक्षा के प्रश्न पत्र उनके फोन पर मिलते मिल जाते हैं और वे केवल उसमें उल्लेखित पांच प्रश्नों की तैयारी करते हैं.

उन्होंने सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोगों को धर्म, जाति और भाषा के आधार पर आपस में लड़ाने का भी आरोप लगाया. शाजापुर में गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मौजूद थे. गांधी की यात्रा बाद में उज्जैन पहुंची, जहां मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ उनके साथ भगवान शिव की पूजा करने के लिए महाकालेश्वर मंदिर गए. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, गांधी ने राज्य और देश के लोगों की प्रगति के लिए प्रार्थना की.

बाद में, उज्जैन में एक सभा को संबोधित करते हुए, गांधी ने मौके पर मौजूद एक दिव्यांग व्यक्ति को अपनी ओर बुलाया और पूछा कि उसने अपना हाथ कैसे खो दिया. उन्होंने उसे गले लगाया और कहा, “गोकुल जी ने अपना हाथ खो दिया है, लेकिन वह अभी भी मुस्कुरा रहे हैं. इसका मतलब है कि वह चुनौतियों का सामना कर सकते हैं और डरते नहीं हैं…उन्हें गुस्सा नहीं आता और लड़ते समय भी मुस्कुराते हैं.” उन्होंने कहा कि जो लोग चुनौतियों का सामना करने में असमर्थ होते हैं, वे क्रोधित होते हैं और नफरत फैलाते हैं. गांधी ने यह भी बताया कि इस बार भारत जोड़ो यात्रा में ‘न्याय’ शब्द क्यों जोड़ा गया.

उन्होंने कहा, “देश में महिलाओं, मजदूरों और अन्य लोगों को बहुत अन्याय का सामना करना पड़ रहा है. हर जगह केवल दो-तीन नाम ही दिखाई देते हैं, जैसे हवाई अड्डे और हथियारों में अडाणी…सब कुछ अडाणी का है.” उन्होंने आरोप लगाया कि जहां आम लोगों को व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंकों से आसानी से ऋण नहीं मिलता है, वहीं शीर्ष उद्योगपति इसे आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
गांधी ने यह भी दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अमीर लोगों द्वारा लिए गए 16 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ कर दिए हैं.
इस मौके पर उन्होंने एक किसान को बोलने का मौका दिया. किसान ने कहा, ”अगर हमें हमारी फसल का सही दाम नहीं मिलेगा तो हम इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे.” गांधी की यात्रा रात्रि विश्राम उज्जैन में करेगी. वह मध्य प्रदेश में यात्रा के आखिरी दिन बुधवार को धार जिले के बदनावर शहर में एक रैली को संबोधित करेंगे.

मध्य प्रदेश में राहुल की यात्रा में ” मोदी-मोदी ” के नारे लगे, वह नारा लगाने वालों से मिले
राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ मंगलवार को जब मध्य प्रदेश के शाजापुर शहर से गुजर रही थी तो उनका “मोदी-मोदी” के नारे के साथ स्वागत किया गया. कांग्रेस नेता ने अपना काफिला रोककर नारे लगाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की.

गांधी को आगे बढ़ने से पहले अपने वाहन से भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘फ्लाइंग किस’ देते हुए देखा गया. गांधी की यात्रा ने शनिवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित मध्य प्रदेश में प्रवेश किया. जब यह यात्रा शाजापुर से गुजर रहा थी तो एबी रोड पर पार्षद मुकेश दुबे के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं का एक समूह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा में “मोदी-मोदी” के नारे लगा रहा था. समूह को देखते ही गांधी ने उनके साथ बातचीत करने के लिए काफिला रोक दिया और एक-दूसरे का अभिवादन किया और हाथ मिलाया, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” के नारे लगाए.

भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने और उनसे हाथ मिलाने के बाद गांधी अपने वाहन की ओर लौट गये. वाहन में बैठकर, उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के समूह की ओर हाथ हिलाया और वाहन आगे बढ़ने से पहले उन्हें ‘फ्लाइंग किस’ देते हुए देखा गया. बाद में ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए, शाजापुर नगर परिषद के वार्ड नंबर 28 का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा पार्षद दुबे ने कहा कि जब उन्होंने ‘मोदी-मोदी’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए तो गांधी वाहन से उतरकर नीचे आए. उन्होंने कहा, ”मैंने गांधी से कहा कि आपका स्वागत है.” उन्होंने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता को आलू भी सौंपे. गांधी की यात्रा बाद में यहां से उज्जैन के लिए रवाना हुई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu