‘विकसित भारत’ की आधारशिला रखने वाला है यह ‘दूरदर्शी’ बजट: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 Jul 2024 07:39 PM
‘विकसित भारत’ की आधारशिला रखने वाला है यह ‘दूरदर्शी’ बजट: नड्डा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आम बजट को दूरदर्शी, सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी करार देते हुए मंगलवार को कहा कि यह ‘विकसित भारत’ की आधारशिला रखने वाला है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से संसद में 2024-25 का बजट पेश किए जाने के बाद नड्डा ने अपनी प्रतिक्रिया में यह भी कहा कि यह बजट ‘आत्मनिर्भर भारत’ की ऊर्जा से ओतप्रोत और रोजगार सृजन के प्रति सर्मिपत है.

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की राजग सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट ‘विकसित भारत’ की आधारशिला रखने वाला बजट है. यह दूरदर्शी बजट सर्वस्पर्शी व सर्व-समावेशी होने के साथ ही गरीब, महिला, युवा एवं अन्नदाता वर्ग के कल्याण को चरितार्थ करने और उद्योग व अधोसंरचना को मजबूती प्रदान करने वाला है.”

उन्होंने कहा, ”इस बजट में मातृशक्ति के आगे बढ़ने की अमिट छाप है तो कृषि विकास एवं किसानों की खुशहाली का आधार भी है. इसमें नौजवनों को आगे बढ़ने के लिए खुला आसमान है तो गरीबों के चेहरे पर आने वाली मुस्कान भी है. यह आत्मनिर्भर भारत की ऊर्जा से ओतप्रोत और रोजगार सृजन के प्रति सर्मिपत है.” नड्डा ने कहा कि ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को चरितार्थ करने वाला बजट पेश करने के लिए वह प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करते हैं और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं उनकी पूरी टीम को पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई देते हैं.

उन्होंने कहा कि इस बजट में रोजगार और कौशल विकास तथा जैविक खेती को प्रोत्साहित करने वाले उपाय किए गए हैं. प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान शुरू किए जाने की घोषणा को एक सराहनीय पहल करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसमें 63,000 गांवों को कवर किया जाएगा, जिससे 5 करोड़ आदिवासी भाइयों को लाभ होगा. उन्होंने कहा, ”यह बजट गरीब, युवा, महिला और अन्नदाता के प्रति सर्मिपत बजट है. भारतीय अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर है और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रही है.”

आर्थिक विकास की नींव रखने के प्रयासों की निरंतरता को प्रर्दिशत करता है बजट: अश्विनी वैष्णव
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश केंद्रीय बजट पिछले 10 साल में आर्थिक विकास की मजबूत नींव रखने के प्रयासों की निरंतरता को प्रर्दिशत करता है. वैष्णव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 साल में अर्थव्यवस्था को काफी सोच-समझकर आगे बढ़ाया है.

उन्होंने कहा, ”पिछले 10 साल में हमने अपनी अर्थव्यवस्था के लिए बहुत मजबूत नींव रखी है. आज हमारा बैंकिंग क्षेत्र मजबूत है, मध्यम आय वाले परिवारों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और कम आय वाले परिवारों के जीवन में आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिल रहा है.” वैष्णव ने कहा, ”प्रौद्योगिकी इस तरह विकसित हुई है कि यह आर्थिक विकास की नींव बन गई है. इसलिए, 10 साल में किए गए कार्य उस प्रयास की निरंतरता आज के बजट में परिलक्षित होती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu