जडेजा ने कपिल की ‘अहंकारी’ वाली टिप्पणी पर कहा, जब भारत हारता है तो लोग करते हैं ऐसी प्रतिक्रिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Aug 2023 09:56 PM
जडेजा ने कपिल की ‘अहंकारी’ वाली टिप्पणी पर कहा, जब भारत हारता है तो लोग करते हैं ऐसी प्रतिक्रिया
ऑडियो सुनें

तरौबा. भारत के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने पूर्व कप्तान कपिल देव की खिलाड़ियों के अहंकारी बनने वाली टिप्पणी पर कहा कि जब भारत मैच हारता है तो लोग इस तरह की प्रतिक्रिया करते हैं. कपिल ने हाल में कहा था कि वर्तमान भारतीय टीम में अहंकार भर गया है और खिलाड़ी समझने लगे हैं कि उन्हें सब कुछ आता है. जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच से पहले पत्रकारों से कहा कि टीम का ध्यान केवल मैच जीतने पर है और उनका कोई निजी एजेंडा नहीं है.

उन्होंने कहा,” हर किसी की अपनी राय होती है. पूर्व खिलाड़ियों को अपने विचार साझा करने का पूरा अधिकार है लेकिन मैं नहीं मानता कि इस टीम में किसी तरह का अहंकार है.” जडेजा ने कहा,” प्रत्येक खिलाड़ी अपनी क्रिकेट का आनंद ले रहा है और प्रत्येक कड़ी मेहनत कर रहा है. कोई भी खिलाड़ी किसी चीज को तय मानकर नहीं चल रहा है. वे अपना शत प्रतिशत योगदान दे रहे हैं. जब भारतीय टीम मैच हारती है तो इस तरह की प्रतिक्रियाएं होती हैं.”

उन्होंने कहा,” यह खिलाड़ियों का अच्छा समूह है. हम भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और यही हमारा मुख्य उद्देश्य है. किसी का कोई निजी एजेंडा नहीं है.” जडेजा ने इसके साथ ही कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में प्रयोग करने के बावजूद 30 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप के लिए अंतिम एकादश पहले ही तय हो चुकी है.

भारत ने दूसरे वनडे मैच में नियमित कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को विश्राम दिया था. भारत यह मैच छह विकेट से हार गया था. उसने पहला मैच पांच विकेट से जीता था. जडेजा ने कहा,”यह श्रृंखला एशिया कप और विश्वकप से पहले हो रही है जिसमें कि हम प्रयोग कर सकते हैं. इसमें हम नए संयोजन आजमा सकते हैं. इससे हमें टीम के संतुलन, मजबूत और कमजोर पक्षों के बारे में पता चल जाएगा.”

उन्होंने कहा,” कप्तान और टीम प्रबंधन जानता है कि वे किस संयोजन के साथ खेलेंगे. इसको लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं है. हमने एशिया कप के लिए संयोजन पर फैसला पहले ही कर लिया है. लेकिन यह प्रयोग किसी खिलाड़ी को बल्लेबाजी क्रम में किसी खास स्थान पर आजमाने से जुड़ा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu