हजारों लोगों ने जोहानिसबर्ग के प्रसिद्ध वांडरर्स स्टेडियम में ‘इंडिया डे’ मनाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Aug 2023 08:58 PM
हजारों लोगों ने जोहानिसबर्ग के प्रसिद्ध वांडरर्स स्टेडियम में ‘इंडिया डे’ मनाया
ऑडियो सुनें

जोहानिसबर्ग. दक्षिण अफ्रीका में भारत के स्वतंत्रता दिवस को मनाने के लिए वांडरर्स स्टेडियम में आयोजित ‘इंडिया डे’ कार्यक्रम में करीब 15 हजार लोगों ने हिस्सा लिया. दक्षिण अफ्रीका के आर्थिक केंद्र जोहानिसबर्ग में रह रहे और कार्य कर रहे भारतीयों के संगठन ‘इंडिया क्लब’ द्वारा इस कार्यक्रम की मेजबानी की गई और इस दौरान लगातार 12 घंटे तक पूरे भारत के अलग-अलग नृत्यों सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया गया. इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दी.

दक्षिण अफ्रीका में कार्य कर रही कई भारतीय कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए थे जिनमें उनके उत्पाद और सेवाओं को प्रर्दिशत किया गया जबकि खाने पीने की दुकानों पर भारत और दक्षिण अफ्रीका के व्यंजनों को स्वाद चखने के लिए लोगों की कतार दिखी. ‘इंडिया क्लब’ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा, ”हम बढ.ते समर्थन से बहुत ही खुश हैं और यह समर्थन न केवल भारतीय समुदाय से मिल रहा है बल्कि दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले अन्य समुदाय भी साथ आ रहे हैं.” उन्होंने बताया कि कैसे 15 अगस्त का जश्न सुविधानुसार सप्ताहांत में आयोजित किया जाता है. उन्होंने बताया कि ‘इंडिया क्लब’ हर साल इस कार्यक्रम का आयोजन करता है, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण उसे दो साल तक ‘इंडिया डे’ के आयोजन को स्थगित करना पड़ा.

गुप्ता ने बताया, ”हम 15 अगस्त को भारत की आजादी को मनाने के लिए 15 साल पहले जोहानिसबर्ग के उपनगर रैंडबर्ग के शॉपिंग सेंटर में छोटे स्तर पर शुरुआत की थी और कुछ साल बाद हमने लोकप्रिय ‘जू लेक’ मैदान में इसे मनाने की शुरुआत की.” उन्होंने कहा, ” कोविड-19 महामारी के कारण दो साल तक हमारे ‘इंडिया डे’ आयोजित करने की योजना में बाधा आई, लेकिन पिछले साल हमने अनुभव किया कि जू लेक मैदान भी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए छोटा पड़ रहा है, इसलिए हम वांडरर्स स्टेडियम आए जो गत रात पूरी तरह से भर गया था.”

दक्षिण अफ्रीका में नवनियुक्त उच्चायुक्त प्रभात कुमार ने कहा, ”मैं भारत से बाहर हूं, लेकिन अभी महसूस कर रहा हूं कि मैं वापस भारत में ही हूं. मैं पूरे भारत को यहां देख रहा हूं. कई लोग भारत के अलग-अलग क्षेत्रों और राज्यों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”मैंने दो अगस्त को भारत छोड़ा था और आज मैं फिर वापस भारत में हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu