राशिद के खिलाफ लगातार तीन छक्कों ने मैच का रुख बदल दिया: संगकारा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 17 Apr 2023 07:26 PM
राशिद के खिलाफ लगातार तीन छक्कों ने मैच का रुख बदल दिया: संगकारा
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा का मानना है कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ विपरीत परिस्थितियों में  कप्तान संजू सैमसन के द्वारा दिग्गज लेग स्पिनर राशिद खान के खिलाफ लगाए गए लगातार तीन छक्कों ने यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच का रुख मोड़ दिया.

सैमसन (32 गेंदों में 60 रन) ने जीत के लिए 178 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 13वें ओवर में राशिद की गेंद पर लगातार तीन छक्के जड़कर जरूरी रन गति को कम कर दिया. राजस्थान ने रविवार को चार गेंद शेष रहते इस मैच को जीत लिया. टीम के लिए शिमरोन हेटमायर ने 26 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाए.

राजस्थान रॉयल्स के सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में संगकारा ने सैमसन से कहा, ‘‘ आपने हमें पावर प्ले के दौरान मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालने के साथ राशिद खान ने ओवर जो किया वह मैच का रुख बदलने वाला था. राशिद उनका सबसे अच्छा गेंदबाज है, कुछ लोग कहते हैं कि वह टी20 में दुनिया का सबसे अच्छा स्पिनर है. वह इससे अचंभित हो गया.’’ सैमसन और हेटमायर ने 27 गेंदों पर 59 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी करायी.  इसके बाद हेटमायर ने ध्रुव जुरेल (10 गेंदों में 18 रन) के साथ 20 गेंदों पर 47 रन जोड़कर राजस्थान रॉयल्स को लक्ष्य के करीब पहुंचाया.

श्रीलंका के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज संगकारा ने कहा, ‘‘यह दिखाता है कि जब आप मैदान पर होते हैं, तो कुछ भी संभव है. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि राशिद खान, शेन वार्न या मुथैया मुरलीधरन का सामना कर रहे हो. हम गेंद को खेलते हैं, गेंद करने वाले खिलाड़ी को नहीं.  फिर से कहना चाहूंगा कि आपने अपनी पारी को शानदार ढंग से अंजाम दिया.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu