रेलवे को बचाने के लिए मोदी सरकार को हटाना पड़ेगा : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Apr 2024 09:39 PM
रेलवे को बचाने के लिए मोदी सरकार को हटाना पड़ेगा : राहुल गांधी

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार रेलवे को ”अयोग्य” साबित करना चाहती है ताकि उसे इसे अपने ”मित्रों” को बेचने का बहाना मिल सके. उन्होंने लोगों से आम आदमी की सवारी को बचाने के लिए मोदी सरकार को हटाने का अनुरोध किया. राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधने के लिए ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया जिसमें लोग ट्रेन के शौचालयों में और फर्श पर बैठकर यात्रा करते हुए दिखाई दे रहे हैं.

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”नरेन्द्र मोदी के राज में ‘रेल का सफर’ सजा बन गया है. आम आदमी की ट्रेनों से जनरल डिब्बे कम कर सिर्फ ‘एलीट ट्रेनों’ का प्रचार कर रही मोदी सरकार में हर वर्ग का यात्री प्रताड़ित हो रहा है.” उन्होंने दावा किया कि लोग ‘कन्फर्म’ टिकट लेकर भी अपनी सीट पर चैन से बैठ नहीं पा रहे, आम आदमी जमीन पर और शौचालय में छिपकर यात्रा करने को मजबूर हैं. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ”मोदी सरकार अपनी नीतियों से रेल को कमजोर कर ‘अयोग्य’ साबित करना चाहती है ताकि उसे अपने मित्रों को बेचने का बहाना मिल सके.” राहुल गांधी ने कहा कि अगर आम आदमी की सवारी को बचाना है तो रेलवे को बर्बाद करने में जुटी मोदी सरकार को हटाना होगा.”

राहुल गांधी अस्वस्थ, रांची में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में शामिल नहीं होंगे: जयराम रमेश

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी रांची में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में भाग नहीं ले पाएंगे क्योंकि वह ”बीमार हैं और फिलहाल नयी दिल्ली से बाहर जाने में असमर्थ हैं.” रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मध्य प्रदेश के सतना में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद रांची की रैली में शामिल होंगे.

कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी रमेश ने कहा, ”राहुल गांधी आज सतना और रांची में चुनाव प्रचार करने के लिए पूरी तरह तैयार थे, जहां ‘इंडिया’ की रैली आयोजित की जा रही है. वह अचानक बीमार हो गए और फिलहाल नयी दिल्ली से रवाना होने में असमर्थ हैं.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी सतना में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद रांची की रैली में हिस्सा लेंगे.”

By Yogesh Kumar Sahu