ट्रांसजेंडर, सफाईकर्मी, मजदूर होंगे मोदी के शपथग्रहण समारोह में शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jun 2024 06:48 PM
ट्रांसजेंडर, सफाईकर्मी, मजदूर होंगे मोदी के शपथग्रहण समारोह में शामिल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मनोनीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं उनकी मंत्रिपरिषद के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों और नये संसद भवन के निर्माण से जुड़े मजदूरों तथा सफाई कर्मचारियों को आमंत्रित किया गया है. समारोह से पहले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद और पूर्व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने अपने आवास पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को सम्मानित किया. वहीं, भाजपा सांसद एवं पूर्व जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र शेखावत ने सफाईर्किमयों को सम्मानित किया.

कुमार ने मीडिया से कहा, “यह प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के आह्वान का एक हिस्सा है. समारोह में ट्रांसजेंडर लोगों को शामिल करना प्रधानमंत्री के समावेशिता के संदेश को मजबूत करने के लिए है.” उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को शपथग्रहण समारोह के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है.
कुमार ने कहा कि समारोह में शामिल होने जा रहे संबंधित लोगों ने ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तीकरण में योगदान दिया है.
पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने नये संसद भवन के निर्माण में शामिल 90 मजदूरों और 30 सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई से जुड़ीं सोनम किन्नर ने कहा कि वह समुदाय के 50 सदस्यों के साथ नयी सरकार को आशीर्वाद देने के लिए यहां आई हैं. उन्होंने कहा, ”हमें इस बात का दुख है कि जाति-आधारित राजनीति के कारण प्रधानमंत्री मोदी को उम्मीद के मुताबिक सीट नहीं मिलीं, लेकिन हमें अपने प्रधानमंत्री पर पूरा भरोसा है और स्थिति में सुधार होगा.” इस समारोह में मुकेश अंबानी, अनंत अंबानी, आनंद पीरामल, गौतम अडाणी के साथ उनकी पत्नी प्रीति अडाणी और भाई राजेश अडाणी समेत कारोबार जगत के लोग भी शामिल होंगे. इस समारोह में अनुपम खेर और अनिल कपूर जैसे बॉलीवुड कलाकार तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की पूर्व छात्र नेता शेहला रशीद भी हिस्सा लेंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu