
बाकू. भारत की ट्रैप निशानेबाज राजेश्वरी कुमारी ने आईएसएसएफ विश्व कप में बृहस्पतिवार को पांचवें स्थान पर रहकर देश को पेरिस ओलंपिक के लिये सातवां कोटा दिलाया . देश के शीर्ष खेल प्रशासकों में रहे पूर्व शॉटगन निशानेबाज रणधीर सिंह की बेटी राजेश्वरी ने दिग्गज प्रतिद्वंद्वियों के बीच फाइनल में जगह बनाई लेकिन पदक से चूक गई . वह महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली शगुन चौधरी के बाद दूसरी भारतीय बनी . फाइनल में वह 30 शॉट में 19 अंक ही हासिल कर सकी .
फाइनल के बाद उन्होंने कहा ,” मुझे बहुत अच्छा लग रहा है . यह अविश्वसनीय है . आखिर कोटा मिल गया . काश मैं पदक भी जीत पाती लेकिन अच्छा लग रहा है . पेरिस …..” पांचों क्वालीफिकेशन दौर में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करके 125 में से 120 अंक लेकर छह निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी . भारत की मनीषा कीर और प्रीति रजक क्रमश: 23वें और 58वें स्थान पर रहीं .
भारत की महिला ट्रैप टीम 344 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रही जिसमें राजेश्वरी, प्रीति और मनीषा शामिल थे . इटली ने 354 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि आस्ट्रेलिया को रजत और चीन को कांस्य पदक मिला . पुरूष ट्रैप स्पर्धा में पृथ्वीराज टोंटाइमैन 23वें , ओलंपियन कीनान चेनाई 51वें और जोरावर संधू 70वें स्थान पर रहे . तीनों टीम स्पर्धा में 11वें स्थान पर रहे .



