जाजपुर/नयी दिल्ली. ओडिशा के जाजपुर जिले की 17 वर्षीय आदिवासी लड़की को कथित तौर पर तस्करी कर मध्य प्रदेश लाकर बेचने और उसकी शादी खरीददार से कराने का मामला सामने आया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घटना करीब एक पखवाड़े पहले की है, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब सुकिंदा क्रोमाइट वैली में रहने वाले पीड़िता के परिवार ने मंगलवार रात को कालियापानी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि लड़की के एक सहेली ने उसे मध्य प्रदेश में तीर्थयात्रा और दर्शनीय स्थल दिखाने का प्रलोभन दिया था.
प्राथमिकी के मुताबिक 27 जुलाई को आरोपी अपनी बड़ी बहन के साथ नाबालिग को तीर्थयात्रा और दर्शनीय स्थल दिखाने के बहाने मध्य प्रदेश ले गई, लेकिन बाद में उसे एक ऐसे व्यक्ति को बेच दिया जो उससे शादी करना चाहता था. परिवार द्वारा दी शिकायत के अनुसार मध्य प्रदेश पहुंचने के अगले दिन पीड़िता ने अपने माता-पिता को फोन पर बताया कि वह ठीक है. इसके अनुसार लगभग एक पखवाड़े बाद परिवार को पता चला कि उसे बेच दिया गया है और उसकी शादी कर दी गई है तथा उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर लड़की को खरीदने के लिए पैसे दिए हैं.
पुलिस ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि लड़की ने गांव में अपनी एक सहेली को शादी की कुछ तस्वीरें और वीडियो भेजे थे. उसने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की ली गई है और प्रकरण की जांच की जा रही है. कलिंग नगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुप्रसन्ना मलिक ने बताया, ”दोनों आरोपी बहनें पुलिस की जांच के दायरे में हैं… हम दोषियों को पकड़ने के लिए सभी कदम उठा रहे हैं.”
दिल्ली के मुंडका में नौकरी का झांसा देकर महिला से बलात्कार; आरोपी फरार
बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में नौकरी का झांसा देकर 32 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता मूलत: नेपाल की निवासी है और चार बच्चों की मां है, जिसने कथित घरेलू हिंसा के कारण हाल ही में अपने पति को छोड़ दिया था. वह इसी महीने की शुरुआत में ट्रेन के जरिये बेंगलुरु से दिल्ली आई थी.
अधिकारी ने कहा कि महिला ने जांचकर्ताओं को बताया कि यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई जिसने उसे मंजीत नामक एक अन्य व्यक्ति का नंबर दिया और नौकरी के लिए उससे संपर्क करने को कहा. पुलिस ने बताया कि एक दिन बाद उसने उस व्यक्ति से संपर्क किया जिसने उसे नौकरी का प्रस्ताव दिया था और मुंडका में उसके रहने के लिए किराए के मकान की व्यवस्था की थी.
दस अगस्त को वह व्यक्ति नशे में धुत्त होकर उसके कमरे में आया और उसके साथ बलात्कार किया. अधिकारी ने बताया कि अगले दिन बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं.