तृणमूल शिक्षक प्रकोष्ठ के नेता आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार

कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के नेता एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के करीबी मैदुल इस्लाम को आत्महत्या के लिए उकसाने के 2022 के एक मामले में गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस्लाम तृणमूल के शिक्षक संगठन के प्रमुख नेता हैं और पश्चिम बंगाल में 2021 के शिशु शिक्षा केंद्र (एसएसके) शिक्षक आंदोलन का एक प्रमुख चेहरा रहे हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ”इस्लाम को दक्षिण 24 परगना जिले के हाटुगंज से उस समय पकड़ा गया, जब वह फरार होने की कोशिश कर रहे थे। बाद में औपचारिक रूप से उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई। उन्हें डायमंड हार्बर की अदालत में पेश किया जाएगा।” यह मामला दक्षिण 24 परगना के बोलसिद्धि कालीनगर ग्राम पंचायत के तत्कालीन उप-प्रमुख देबब्रत भट्टाचार्य की मौत से जुड़ा है। भट्टाचार्य की 2022 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।

भट्टाचार्य की पत्नी की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था इस्लाम ने ऐसी परिस्थितियां पैदा कीं, जिससे तंग आकर उनके पति (भट्टाचार्य) को यह कदम उठाना पड़ा। अधिकारी ने बताया, ”जांच के दौरान देबब्रत के आवास से आत्महत्या से पहले लिखा गया पत्र (सुसाइड नोट) बरामद हुआ था, जिसमें मैदुल इस्लाम के नाम का उल्लेख था। एकत्र किए गए साक्ष्यों और जांच की प्रगति के आधार पर उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।” उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस हिरासत में ले जाए जाने के दौरान इस्लाम ने संवाददाताओं से कहा, ”यह कार्रवाई पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। मुझे सिर्फ इसलिए गिरफ्तार किया गया है, क्योंकि मैं अभिषेक बनर्जी के साथ हूं और उनके साथ सोनारपुर गया था, जहां उन (अभिषेक) पर पथराव किया गया था और अंडे फेंके गए थे।” उन्होंने दावा किया, ”मैं शुरू से कह रहा हूं कि मुझे झूठे मामले में फंसाया गया है। साल 2022 में जब यह घटना हुई थी, तब मैं वहां मौजूद भी नहीं था।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button