ट्रेफिक से परेशान गर्भवती महिला ने मांगी कार के आगे भल्लाल देव के रथ जैसा चक्र लगाने की अनुमति

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Apr 2022 07:57 PM
ट्रेफिक से परेशान गर्भवती महिला ने मांगी कार के आगे भल्लाल देव के रथ जैसा चक्र लगाने की अनुमति
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में एक गर्भवती महिला ने पुलिस-प्रशासन को अजीबो-गरीब मांग वाली अर्जी भेजकर कहा है कि उसे उसकी कार के आगे वैसा ही विशाल चक्र लगाने की अनुमति दी जाए, जैसा चक्र मशहूर फिल्म ‘‘बाहुबली’’ में युद्ध के एक दृश्य के दौरान इसके किरदार भल्लाल देव के रथ के आगे लगा नजर आता है.

सोशल मीडिया पर फैल रहे आवेदन पत्र को शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क पर स्थानीय वाहन चालकों के व्यवहार पर तीखे कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है. छोटा बांगड़दा क्षेत्र में रहने वाली कनुप्रिया सत्तन ने बृहस्पतिवार को “पीटीआई-भाषा” से पुष्टि की कि उन्होंने पुलिस और प्रशासन के कुछ आला अफसरों को यह आवेदन पत्र भेजा है.

सत्तन ने एक पेज के लिखित आवेदन में कहा है, ‘‘मुझे आठ माह का गर्भ है. मैं कई बार महसूस करती हूं कि इंदौर की सड़कों पर गाड़ी चलाना या उसमें बैठना सुरक्षित नहीं है.’’ उन्होंने आवेदन पत्र में कहा कि शहर की सड़कों पर खासकर आॅटो रिक्शा, भारवाहक वाहन और सार्वजनिक परिवहन की बसों के चालक गलत ढंग से ओवरटेक करते हैं और दूसरी गाड़ियों के चालकों को डराने के लिए उनके एकदम पास से तेजी से वाहन निकालते हैं.

सत्तन में पत्र में कहा कि अगर फिल्म ‘‘बाहुबली’’ के किरदार भल्लाल देव के रथ के आगे लगे विशाल चक्र की तर्ज पर उनकी कार के आगे चक्र लग जाएगा तो इसकी वजह से लोग डरकर उनकी गाड़ी से खुद ही दूरी बना लेंगे और शहर की सड़कों पर तमाम अव्यवस्थाओं के बावजूद वह गर्भावस्था के दौरान सुरक्षित आवागमन कर सकेंगी. उधर, इस अर्जी के बारे में पूछे जाने पर पुलिस उपायुक्त (यातायात प्रबंधन) महेश चंद्र जैन ने दो टूक जवाब में कहा कि वह इस बारे में कोई भी टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu