विज्ञापन घटने, भारी कर्ज के बोझ की वजह से ट्विटर को नकदी प्रवाह नकारात्मक : मस्क

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Jul 2023 09:49 PM
विज्ञापन घटने, भारी कर्ज के बोझ की वजह से ट्विटर को नकदी प्रवाह नकारात्मक : मस्क
ऑडियो सुनें

सैन फ्रांसिस्को. अमेरिका के दिग्गज उद्योगपति एलन मस्क ने कहा है कि विज्ञापनों से आमदनी आधे से भी कम होने की वजह से ट्विटर को नकदी का नुकसान हो रहा है. कारोबारी सलाह देने वाले एक ट्वीट के जवाब में मस्क ने शनिवार को कहा, ”विज्ञापन राजस्व में (लगभग) 50 प्रतिशत की गिरावट और कर्ज के भारी बोझ की वजह से हमारा नकदी प्रवाह अब भी नकारात्मक है.”

उन्होंने ट्वीट किया, ”हमें कुछ और करने से पहले नकदी प्रवाह को सकारात्मक करने की जरूरत है.” ट्विटर का 44 अरब डॉलर के सौदे में अधिग्रहण करने के बाद से मस्क विज्ञापनदाताओं को आश्वस्त करने का प्रयास कर रहे हैं. विज्ञापनदाता शीर्ष अधिकारियों को कंपनी से बाहर करने, बड़े पैमाने पर छंटनी को लेकर चिंतित हैं.

कुछ दिग्गज उपयोगकर्ता जिन्हें ट्विटर ने प्रतिबंधित कर दिया था अब साइट पर वापस आ गए हैं. मस्क ने अप्रैल में कहा था कि जो विज्ञापनदाता चले गए थे उनमें से अधिकांश वापस आ गए हैं और कंपनी का दूसरी तिमाही में नकदी प्रवाह सकारात्मक हो सकता है.
मई में ट्विटर ने नई मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लिंडा याकारिनो की नियुक्ति की है. अब ट्विटर के समक्ष एक नया प्रतिद्वंद्वी भी आ गया है. फेसबुक का स्वामित्व रखने वाली मेटा ने भी ट्विटर की तर्ज पर टेक्स्ट आधारित ऐप थ्रेड्स पेश किया है. हालांकि, ट्विटर के इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu