नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली में वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान सजल मिया और मोहम्मद अली के रूप में हुई है. वे पंजाबी बाग इलाके में रहते थे.
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जिला) विचित्र वीर ने बताया, ”पंजाबी बाग थाने के अंतर्गत मादीपुर पुलिस चौकी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें पकड़ा गया.” उन्होंने कहा, ”बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. उचित प्रक्रिया के बाद एक को निर्वासित कर दिया गया, जबकि दूसरे को निरुद्ध केंद्र भेज दिया गया.”