यूक्रेन की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया, 70 हमलावर ढेर: रूस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 May 2023 10:19 PM
यूक्रेन की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया, 70 हमलावर ढेर: रूस
ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने मंगलवार को दावा किया कि उसके सैनिकों ने सीमा पार से किए गए यूक्रेन के हमले को नाकाम कर दिया जिसमें 24 घंटे तक चली लड़ाई में 70 से अधिक हमलावर मारे गए. रूसी क्षेत्र में सीमा पार से सोमवार को शुरू हुए हमले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी, और न ही यह कहा जा सकता कि हमले के पीछे कौन था या इसका क्या उद्देश्य था. पंद्रह महीने से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध में गलत सूचनाओं का प्रसार भी एक हथियार रहा है.

मॉस्को ने आरोप लगाया कि इस हमले को यूक्रेन की सेना के विध्वंसकारी तत्वों ने अंजाम दिया. वहीं, यूक्रेन ने कहा कि इस घटना को क्रेमलिन से असंतुष्ट रूसी लोगों ने अंजाम दिया. यह लड़ाई पूर्वी यूक्रेन के खार्कीव शहर से लगभग 80 किलोमीटर उत्तर में बेलगोरोद क्षेत्र में हुई.

रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेंकोव ने दावा किया कि सशस्त्र हमलावरों को रूसी सेना की स्थानीय इकाइयों, हवाई हमलों और तोपखाने की मदद से खदेड़ दिया गया. उन्होंने कहा कि हमलावरों के खिलाफ तब तक कार्रवाई की गई जब तक कि वे पूरी तरह खत्म नहीं हो गए. इस बीच, यूक्रेनी सेना के अधिकारियों ने कहा कि बखमूत में लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. रूस ने दावा किया था कि बखमूत पर उसने कब्जा कर लिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu