‘अंडरडॉग’ कभी मैदान नहीं छोड़ते: ऋषि सुनक ने नये प्रचार वीडियो में कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Aug 2022 07:31 PM
‘अंडरडॉग’ कभी मैदान नहीं छोड़ते: ऋषि सुनक ने नये प्रचार वीडियो में कहा
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटेन में कंजरवेटिव पार्टी के नेतृत्व के चुनाव के लिए मतदान के महज दो हफ्ते रह जाने के बीच ऋषि सुनक की टीम बोरिस जॉनसन के उत्तराधिकारी की दौड़ में प्रतिद्वंद्वी लिज ट्रस की बढ़त के मद्देनजर ‘अंडरडॉग’ (संभावित पराजित प्रत्याशी) के दर्जे को भुनाने में जुटी है और इस संबंध में एक वीडियो जारी किया है.

शुक्रवार रास्त को मैनचेस्टर में इस वीडियो का पहली दफा इस्तेमाल किया गया जिसमें वह विभिन्न प्रचार कार्यक्रमों में और पार्टी सदस्यों को संबोधित करते नजर आ रहे हैं. पार्टी सदस्य जिसे भी नेता चुनेंगे वह पांच सितंबर को ब्रिटिश प्रधानमंत्री का पदभार संभालेगा.

सुनक ने इस वीडियो के साथ ट्वीट किया, ‘‘मैं आखिरी दिन तक एक-एक वोट के लिए लड़ता रहूंगा. ’’ जॉनसन का उत्तराधिकारी बनने के लिए पिछले 30 दिनों में चुनाव प्रचार अभियान में सुनक 16,000 पार्टी सदस्यों से संपर्क साधने के लिए 100 कार्यक्रम कर चुके हैं.
इस वीडियो में भारतीय मूल के 42 वर्षीय पूर्व ब्रिटिश मंत्री मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं. वह हल्की झपकी भी लेते हुए नजर आ रहे हैं और पीछे से आवाज आ रही है, ‘‘ हर एक इंच के लिए लड़ाई.’’

उसमें सुनाई दे रहा है, ‘‘ वे कहते हैं कि अंडरडॉग से सावधान हो जाएं क्योंकि अंडरडॉग के पास खोने के लिए कुछ नहीं होता. एक अंडरडॉग हर एक इंच के लिए लड़ता है.’’ उसमें कहा गया है, ‘‘ वे कठिन परिश्रम करते हैं, लंबे समय से टिके रहते हैं, चतुर ढंग से सोचते हैं, अंडरडॉग मैदान नहीं छोड़ते, वे कठिन-कठिन चीजें करेंगे और कभी आत्मसंतुष्ट नहीं होंगे.’’ हाल के सर्वेक्षणों एवं सट्टेबाजों के अनुसार ट्रस की जीत की संभावना है. वह ब्रिटेन में बढ़ते दामों के बीच आर्थिक संकट के समाधान के लिए कर कटौती योजना की मुहिम चला रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu