UPSC ने लोक सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया, 13 हजार से अधिक उम्मीदवार सफल घोषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Jun 2022 07:45 PM
UPSC ने लोक सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया, 13 हजार से अधिक उम्मीदवार सफल घोषित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने बुधवार को लोक सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2022 के परिणाम की घोषणा की जिसके आधार पर 13 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा के लिए अर्हता प्राप्­त कर ली है. आयोग द्वारा तीन चरणों में लोक सेवा परीक्षा का वार्षिक रूप से आयोजन किया जाता है जिसमें प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार शामिल हैं. इसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) एवं अन्य के लिये अधिकारियों का चयन किया जाता है.

लोक सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा का आयोजन 5 जून 2022 को किया गया था. एक अधिकारी ने बताया कि इस परीक्षा के लिये 11.52 लाख लोगों ने आवेदन किया था और इसमें 13,090 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए. यूपीएससी ने अपनी वेबसाइट ६६६.४स्र२ू.ॅङ्म५.्रल्ल पर सफल होने वाले उम्मीदवारों की सूची क्रमांक के साथ जारी की है. अधिकारी के अनुसार, प्रारंभ में लोक सेवा परीक्षा 2022 के माध्यम से 861 रिक्तियों को भरा जाना था जिसे अब बढ़ाकर 1,022 कर दिया गया है.

आयोग के बयान के अनुसार, परीक्षा की नियमावली के अनुसार, इन सभी उम्मीदवारों को सिविल सेवा(मुख्य) परीक्षा, 2022 के लिए विस्तृत आवेदन प्रपत्र-क (डीएएफ-क) में पुन: आवेदन करना है. डीएएफ-क को भरने और जमा करने की तारीखों और इससे संबंधित महत्वपूर्ण अनुदेशों की घोषणा आयोग की वेबसाइट के माध्यम से यथासमय की जाएगी.

इसमें कहा गया है कि उम्मीदवारों को यह भी सूचित किया जाता है कि सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2022 के अंक, कटआॅफ अंक और उत्­तर कुंजी, सिविल सेवा परीक्षा, 2022 की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने पर अर्थात सिविल सेवा परीक्षा, 2022 के अंतिम परिणाम की घोषणा के बाद ही आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की जायेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu