भारत के रक्षा के अधिकार का समर्थन करता है अमेरिका : रक्षा मंत्री हेगसेथ ने राजनाथ से कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 May 2025 08:45 PM
भारत के रक्षा के अधिकार का समर्थन करता है अमेरिका : रक्षा मंत्री हेगसेथ ने राजनाथ से कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ.ते तनाव के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बृहस्पतिवार को फोन पर बात की तथा कहा कि उनका देश भारत के आत्मरक्षा के अधिकार और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का समर्थन करता है.

सिंह ने हेगसेथ से कहा कि पाकिस्तान एक “दुष्ट” देश के रूप में “बेनकाब” हो गया है जो वैश्विक आतंकवाद को बढ.ावा दे रहा है तथा क्षेत्र को “अस्थिर” कर रहा है. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रक्षा मंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि दुनिया अब आतंकवाद के प्रति आंखें मूंद कर नहीं रह सकती. सिंह के कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है और भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है.

इसमें कहा गया, “उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में अमेरिकी सरकार के मजबूत समर्थन को दोहराया.” रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है, “रक्षा मंत्री ने अमेरिकी रक्षा मंत्री को बताया कि पाकिस्तान का आतंकवादी संगठनों को समर्थन, प्रशिक्षण और वित्तपोषण देने का इतिहास रहा है.” मंत्रालय ने सिंह के हवाले से कहा, “पाकिस्तान एक दुष्ट देश के रूप में बेनकाब हो गया है, जो वैश्विक आतंकवाद को बढ.ावा दे रहा है और क्षेत्र को अस्थिर कर रहा है. दुनिया अब आतंकवाद के प्रति आंखें मूंद कर नहीं रह सकती.”

उन्होंने कहा कि वैश्विक समुदाय के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह आतंकवाद के ऐसे जघन्य कृत्यों की “स्पष्ट रूप से और एक स्वर में” निंदा करे तथा “उनका विरोध करे”. मंत्रालय ने कहा कि हेगसेथ ने सिंह को फोन कर नृशंस पहलगाम आतंकवादी हमले में निर्दोष नागरिकों की मौत पर अपनी सहानुभूति और संवेदना व्यक्त की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu