अमेरिका के भावी उपराष्ट्रपति की भारतीय-अमेरिकी पत्नी उषा चिलुकुरी वेंस चर्चा में आईं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 06 Nov 2024 10:44 PM
अमेरिका के भावी उपराष्ट्रपति की भारतीय-अमेरिकी पत्नी उषा चिलुकुरी वेंस चर्चा में आईं
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. जुलाई में भारतीय-अमेरिकी वकील उषा चिलुकुरी वेंस उस समय चर्चा में आईं, जब उनके पति जे डी वेंस को रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नामित किया. बुधवार को ट्रंप-वेंस की जीत के साथ, उषा (38) अमेरिका की द्वितीय महिला बनने वाली हैं. इस भूमिका में उषा पहली भारतीय-अमेरिकी होंगी.

उषा, ओहियो के सीनेटर जे डी वेंस (39) के साथ खड़ी थीं, जब ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद समर्थकों को संबोधित किया.
वेंस ने 2020 में मेगन केली शो के पॉडकास्ट को बताया था, ”अगर मैं थोड़ा बहुत अहंकारी या थोड़ा बहुत घमंडी हो जाता हूं, तो मैं खुद को याद दिलाता हूं कि वह (उषा) मुझसे कहीं ज्यादा निपुण है. लोग यह नहीं जानते कि वह कितनी प्रतिभाशाली हैं.” भारतीय प्रवासियों की बेटी उषा सैन डिएगो उपनगर में पली-बढ़ीं. उनके माता-पिता का पैतृक गांव आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले में वडलुरु है. पढ़ाई में होनहार छात्रा रहीं और किताबों से लगाव रखने वाली उषा ने आगे चलकर नेतृत्व के गुण दिखाए.

उषा का जुड़ाव कै्ब्रिरज, येल विश्वविद्यालय से भी रहा है. उच्चतम न्यायालय के विभिन्न सदस्यों के लिए भी उन्होंने काम किया. उनकी आखिरी नौकरी मुंगर, टोल्स एंड ओल्सन एलएलपी में दीवानी मुकदमे की वकील के रूप में थी. उषा और वेंस की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी और बाद में 2014 में केंटकी में उनकी शादी हुई. वेंस के तीन बच्चे हैं: बेटे इवान और विवेक, तथा एक बेटी जिसका नाम मिराबेल है. ट्रंप द्वारा वेंस को उपराष्ट्रपति उम्मीदवार चुने जाने के बाद, उषा की हिंदू जड़ें जल्द ही चर्चा का विषय बन गईं. वेंस ने कई मौकों पर कहा है कि उनकी पत्नी ईसाई नहीं हैं, लेकिन वह उनके विश्वास को गहरा करने में ”बहुत सहायक” रहीं.

अंतरधार्मिक विवाह की चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर उषा ने कहा, ”मुझे लगता है कि ऐसी बहुत सी चीजें हैं जिन पर हम सहमत हैं, खासकर जब पारिवारिक जीवन की बात आती है, कि अपने बच्चों की परवरिश कैसे करें. इसलिए मुझे लगता है कि इसका जवाब असल में यही है कि हम बस खूब बातें करते हैं.” ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ ने जून में उषा और उनके पति के साथ के एक संयुक्त साक्षात्कार का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें ”चर्चा में रहने में दिलचस्पी नहीं हैं” लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि दंपति ”यह देखने के लिए तैयार हैं कि उनके जीवन में क्या होता है.” ट्रंप ने फ्लोरिडा के पाम बीच में चुनाव परिणाम का जिक्र करते हुए हुए उषा-वेंस की ओर इशारा करते हुए कहा, ”मैं बधाई देने वाला पहला व्यक्ति बनना चाहता हूं, अब मैं उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने गए जेडी वेंस, और उनकी पत्नी उषा वेंस को बधाई दे सकता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu