विहिप ने दिल्ली का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ’ करने की मांग की

नयी दिल्ली. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजधानी को उसके प्राचीन इतिहास और संस्कृति से जोड़ने के लिए दिल्ली का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ’ कर दिया जाए. दिल्ली सरकार के संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा को रविवार को लिखे एक पत्र में विहिप की दिल्ली इकाई ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम बदलकर इंद्रप्रस्थ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा करने की भी मांग की है. इसके अलावा विहिप ने दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर इंद्रप्रस्थ रेलवे स्टेशन और शाहजहानाबाद विकास बोर्ड का नाम इंद्रप्रस्थ विकास बोर्ड करने की भी मांग की है.

विहिप के दिल्ली प्रांत के सचिव सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने पत्र में कहा, ” दिल्ली का नाम बदलकर पुन? इंद्रप्रस्थ कर दिया जाना चाहिए ताकि राजधानी का नाम उसके प्राचीन इतिहास और संस्कृति से जुड़ सके.” उन्होंने कहा, ”नाम सिफ.र् बदलाव नहीं होते; वे एक राष्ट्र की चेतना का प्रतिबिंब होते हैं. जब हम दिल्ली कहते हैं, तो हम केवल 2,000 वर्षों की अवधि देखते हैं. लेकिन जब हम इंद्रप्रस्थ कहते हैं, तो हम 5,000 वर्षों के गौरवशाली इतिहास से जुड़ते हैं.” विहिप के पदाधिकारी ने मांग की कि दिल्ली के हेरिटेज वॉक में किले, मंदिर और हिंदू राजाओं के स्मारक शामिल होने चाहिए ताकि शहर के समग्र इतिहास की ‘संतुलित प्रस्तुति’ सुनिश्चित हो सके.

गुप्ता ने कहा, ”जहां कहीं भी मुस्लिम आक्रमणकारियों के स्मारक हैं, वहां पांडव काल के हिंदू वीरों, ऋषियों और स्थलों को भी शामिल किया जाना चाहिए और उनके निकट स्मारक बनाए जाने चाहिए.” उन्होंने कहा कि दिल्ली में राजा हेमचंद्र विक्रमादित्य के नाम पर एक भव्य स्मारक और राजा हेमचंद्र विक्रमादित्य सैन्य स्कूल की स्थापना की जानी चाहिए. गुप्ता ने कहा कि हेमचंद्र विक्रमादित्य और पांडव काल के इंद्रप्रस्थ के इतिहास को दिल्ली के शिक्षा पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button