कोलकाता. पूर्व रेलवे (ईआर) ने बुधवार को कहा कि ट्रेन में यात्रा के दौरान एक टीटीई (ट्रेन टिकट परीक्षक) के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करने के सिलसिले में वह तृणमूल कांग्रेस के विधायक कनाई चंद्र मंडल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है. इस घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. ‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करती है.
वीडियो में नजर आ रहा है कि ‘एसी चेयर कार’ डिब्बे के यात्री मंडल के साथ कथित रूप से बिना टिकट के सफर कर रही उनकी साथी का विरोध कर रहे हैं, इसपर विधायक आपा खो देते हैं और फिर कहासुनी होने लगती है. एक यात्री को नबाग्राम विधायक मंडल से यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या वह तानाशाही में रह रहा है या लोकतंत्र में तथा उसने यह भी पूछा कि केवल इसलिए उसकी इच्छाएं कुचली जा रही हैं, क्योंकि वह एक विधायक हैं. कई अन्य यात्रियों ने भी उनसे पूछा कि क्या कोई बिना वैध टिकट के ‘चेयर कार’ डिब्बे में यात्रा कर सकता है.
वीडियो में विधायक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है तथा टीटीई चाहे तो अदालत जा सकता है.
पूर्व रेलवे के प्रवक्ता कौशिक मित्रा ने कहा कि सोमवार को माल्दा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस में यह जो घटना घटी, उस सिलसिले में रेलवे मंडल के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है. मित्रा ने कहा कि (पूर्व रेलवे) प्रशासन वकीलों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परामर्श कर रहा है.
उन्होंने कहा कि नबाग्राम के विधायक मंडल के साथ जा रही एक महिला के पास उनके नाम का उपयुक्त टिकट नहीं था और इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. हालांकि विधायक ने भी दावा किया कि दरअसल ट्रेन टिकट परीक्षक ने ही उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्होंने हावड़ा में संभागीय रेलवे प्रबंधक से इस संबंध में शिकायत की है. मंडल ने दावा किया कि डिब्बे में उनके बगल में बैठी महिला यात्री उनके निर्वाचन क्षेत्र की थी और उसने अपने जनरल टिकट को ‘चेयरकार’ श्रेणी में परिर्वितत करने का अनुरोध किया था.