मणिपुर में हिंसा जारी है, प्रधानमंत्री को फर्क नहीं : कांग्रेस

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू होने से कुछ दिनों पहले बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि मणिपुर में पिछले आठ महीने से हिंसा जारी है और निर्दोष नागरिक मारे जा रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसका कोई फिक्र नहीं पड़ता है. मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में बृहस्पतिवार को तीन लोगों के शव मिले जो जंगल में जलावन के लिए लकड़ी चुनने गए थे और उसी दौरान लापता हो गए थे. पुलिस ने यह जानकारी दी. कांग्रेस का बयान चुराचांदपुर जिले में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के शव मिलने के बाद आया है. बुधवार को जंगल में जलाने के लिए लकड़ी इकट्ठा करते समय चार लोग लापता हो गए थे.

कांग्रेस अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट किया, “मणिपुर में 8 महीने से हिंसा जारी है.. आज एक बार फिर से चार लोगों की हत्या कर दी गई. बीते 11 दिन में मणिपुर में आठ लोगों की हत्या की जा चुकी है. मणिपुर हिंसा और नफरत की आग में जल रहा है. हमारे देश के नागरिक मारे जा रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी को इससे फर्क नहीं पड़ता है.” कांग्रेस 14 जनवरी को इंफाल से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू कर रही है. यह यात्रा 15 राज्यों से होते हुए कुल 6,700 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी.

Related Articles

Back to top button