एशियाई खेलों के लिए टीम से बाहर किये जाने से थोड़ा हैरान था : शिखर धवन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Aug 2023 07:47 PM
एशियाई खेलों के लिए टीम से बाहर किये जाने से थोड़ा हैरान था : शिखर धवन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के सीनियर बल्लेबाज शिखर धवन भारत की एशियाई खेलों की टीम से बाहर किये जाने से थोड़े हैरान थे लेकिन वह निकट भविष्य में राष्ट्रीय टीम में वापसी करने के लिए दृढ. हैं. शीर्ष खिलाड़ी घरेलू सरजमीं पर होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों में व्यस्त हैं और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सितंबर-अक्टूबर में होने वाले हांगझोऊ एशियाई खेलों के लिए युवाओं की टीम घोषित कर दी.

इस 37 साल के बायें हाथ के बल्लेबाज के चीन में होने वाले एशियाड के लिए टीम की अगुआई करने की उम्मीद की जा रही थी क्योंकि यही भूमिका वह 10 महीने पहले तक निभा रहे थे. लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें नहीं चुना और रूतुराज गायकवाड़ को कप्तान घोषित किया.

धवन ने गुरुवार को पीटीआई से कहा, ”जब मेरा नाम एशियाई खेलों के लिए टीम में नहीं था, मैं थोड़ा हैरान था. लेकिन फिर मुझे लगा कि उनकी सोचने की प्रक्रिया अलग होगी, आपको इसे स्वीकार करना होगा. खुश हूं कि रूतु (गायकवाड़) टीम की अगुआई करेगा. इसमें सभी युवा खिलाड़ी हैं, मुझे पूर भरोसा हे कि वे अच्छा करेंगे. ” शुभमन गिल शीर्ष बल्लेबाजी क्रम में रोहित शर्मा के साथ जुड़ गये हैं तो ऐसा लगता है कि भारतीय टीम अब धवन को पीछे छोड़ चुकी है क्योंकि वह दिसंबर 2022 में बांग्लादेश दौरे के बाद से वनडे टीम से बाहर किये जाने तक एक दिवसीय प्रारूप के खिलाड़ी बन गये थे.

पिछले दशक से भारत के शीर्ष वनडे बल्लेबाजों में शुमार धवन ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि भविष्य में क्या होगा लेकिन अगर कोई मौका मिलता है तो वह इसके लिये तैयार रहेंगे. धवन ने कहा, ”मैं निश्चित रूप से तैयार रहूंगा (वापसी के लिए). इसलिये मैं खुद को फिट रखे हूं (ताकि जब भी मौका मिले मैं तैयार रहूं). हमेशा मौका रहता है, भले ही एक प्रतिशत हो या फिर 20 प्रतिशत. ” उन्होंने कहा, ”मुझे अब भी ट्रेनिंग में मजा आता है और मुझे खेल में आनंद मिलता है, ये चीजें मेरे नियंत्रण में हैं, जो भी फैसला हुआ, मैं उसका सम्मान करता हूं. ” धवन अब भी केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर हैं और काफी समय राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में बिताते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu